Saharanpur: गैस गीजर से हुआ हादसा, नहाते समय दम घुटने पर शिक्षक की मौत, परिवार में मचा कोहराम
Saharanpur News : यहां गैस गीजर से हादसा हो गया। बताया गया कि नहाते समय दम घुटने पर शिक्षक की मौत हो गई। वहीं परिवार में कोहराम मचा है।
विस्तार
सहारनपुर में सरसावा क्षेत्र के ग्राम झरौली बहलोलपुर में नहाने के लिए बाथरूम में घुसे शिक्षक रणवीर चौधरी (35) की गैस गीजर के इस्तेमाल के चलते दम घुटने से मौत हो गई।
रणवीर गांव के सेठपाल चौधरी के बेटे थे और शुक्रवार सुबह नहाने के लिए बाथरूम गए थे। काफी देर तक वह बाहर नहीं आए तो परिजनों ने किसी तरह दरवाजा खोल कर अंदर देखा तो वह अचेत अवस्था में पड़े थे। परिजन तत्काल उन्हें लेकर एक चिकित्सक के यहां पहुंचे, चिकित्सक ने सहारनपुर ले जाने की सलाह दी। सहारनपुर के निजी नर्सिंग होम में चिकित्सकों ने रणवीर को मृत घोषित कर दिया।
बताया गया कि रणवीर चौधरी क्षेत्र के ही किसान मजदूर इंटर कॉलेज में शिक्षक थे और बेहद मृदु स्वभाव के चलते क्षेत्र और विद्यालय में लोकप्रिय थे। जैसे ही रणवीर सिंह की मृत्यु की सूचना गांव और लोगों को लगी तो पीड़ित परिवार के घर संवेदना जताने वालों का तांता लग गया।
गैस गीजर चलने पर बनती है खतरनाक गैस
गैस गीजर चलाते समय बाथरूम में कार्बन मोनोऑक्साइड गैस बनती है और आक्सीजन की मात्रा कम हो जाती है। मोनोऑक्साइड गैस सांस के साथ शरीर में चली जाती है और दम घुटने से मौत हो जाती है।
यह भी पढ़ें: Meerut: घर पहुंचा यूट्यूबर का शव, मचा कोहराम, फोटो-वीडियो देख बिलखते रहे परिजन, देखें तस्वीरें
गैस गीजर चलाते समय रखें ध्यान
- गैस गीजर ऐसी जगह लगाए जहां खुल जगह और हवा हो
- बाथरूम में हवा के लिए रोशनदान और पर्याप्त जगह हो
- एग्जास्ट फैन लगवाएं, गैस गीजर चलाते समय उसे चलाएं
- गैस लीक हो तो गीजर न चलाए, समय-समय पर जांच कराएं
- खांशी और दम घुटने जैसे लक्षण दिखे तो तुरंत खुली हवा में आएं