सहारनपुर। भाजपा के महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि गन्ना विभाग का मिशन शक्ति के तहत महिलाओं को स्वावलंबी बनाने और स्वरोजगार उपलब्ध कराने के प्रयास सराहनीय हैं।
शनिवार को गन्ना विकास विभाग की ओर से मिशन कंपाउंड स्थित गन्ना समिति सभागार में कार्यशाला का आयोजन किया। इसमें स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के साथ ही गन्ना विभाग में कार्यरत महिलाओं को सम्मानित किया।
महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध है। गन्ना विभाग द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को स्वरोजगार प्रदान करना अच्छा कदम है। जिला पंचायत सदस्य मुकेश चौधरी ने सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। जिला गन्ना अधिकारी कृष्ण मोहन मणि त्रिपाठी ने कहा कि जनपद में 172 महिला स्वयं सहायता समूहों का गठन किया है। इनके द्वारा बडचिप विधि से गन्ने की पौध तैयार कर कृषकों में वितरित किया जा रही है। इस कार्य के लिए उन्हें गन्ना विभाग द्वारा अनुदान के रूप में 1.50 रुपया प्रति पौधा एवं किसान से भी 1.50 रुपये प्रति पौधा मिलते हैं। सम्मानित होने वाली महिलाओं में रीना, कविता सैनी, बीना सैनी, मुनव्वर जहां, पूनम, सुलोचना शर्मा, लीलावती आदि रहीं।