शामली। शहर के कौशांबी विहार दयानंद नगर के नागरिकों ने जलभराव की समस्या को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने गंदे पानी में खड़े होकर नगरपालिका में खिलाफ नारेबाजी की और समस्या के समाधान की मांग की।
शहर के कौशांबी विहार निवासी नागरिकों ने सोमवार को पालिका के खिलाफ प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि नगरपालिका द्वारा नाले का निर्माण अधूरा कराया गया है। नाले का गंदा पानी काॅलोनी के बाहरी छोर पर लाकर छोड़ दिया गया, जिससे मुख्य रास्ते पर गंदे पानी का जलभराव हो रहा है। इससे आने जाने वाले लोगाें को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने मिट्टी डालकर नाले में बहने वाले पानी को रोक दिया है। कई बार नगरपालिका चेयरमैन, ईओ और डीएम से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। समस्या का समाधान न होने पर उन्हें मजबूर होकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है। उन्होंने इस मामले में जिला प्रशासन से समस्या का समाधान कराने की मांग की है। इस अवसर पर रूबी, नीरज कुमार, विकास कुमार, देवेंद्र फोगाट, ओमदत्त व रामशरण आदि मौजूद रहे। पालिका के ईओ विनोद सोलंकी का कहना है कि समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर भरे पानी को मोटर लगाकर निकाला जाएगा।