सहारनपुर। सीताराम कांप्लेक्स के सामने वाले चतरा पुल का निर्माण धीमी गति से होने से नाराज समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने नगर विधायक संजय गर्ग के नेतृत्व में धरना दिया, साथ ही नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह और सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार सोनी को मंडलायुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा यदि बारिश के चलते ढमोला नदी के दोनों तरफ के बाजारों में जलभराव हुआ तो तमाम नुकसान की जिम्मेदारी नगर निगम की होगी।
सोमवार को सीताराम कांप्लेक्स के निकट सपा कार्यकर्ताओं ने एक दिवसीय धरना दिया। नगर विधायक संजय गर्ग ने चतरा पुल का धीमी गति से हो रहे निर्माण कार्य पर रोष जताया। उन्होंने कहा कि पिछले आठ माह से चल रहे निर्माण कार्य के चलते सड़क पर बजरी, मिट्टी, सरिया से लेकर शटरिंग तक का सामान अस्त व्यस्त फैला हुआ है। इसके चलते सड़क के दोनों तरफ के दुकानदारों के स्वास्थ्य और व्यापार पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य चलने के कारण ढमोला नदी के बहाव को रोककर बेहद संकरे मार्ग से पानी को निकाला जा रहा है। नदी का अधिकांश बहाव मार्ग अवरुद्ध है। ऐसे में बरसात होने से जलभराव की स्थिति बन जाएगी। इससे पटरी के दोनों ओर दाल मंडी पटरी, सब्जी मंडी पटरी, बोमनजी रोड से लेकर मोरगंज बाजार तक की दुकानों को भारी नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने इस पुल को बनाने वाली संस्था पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि इसके चलते होने वाले जलभराव से किसी भी दुकानदार का नुकसान हुआ तो उसकी तमाम जिम्मेदारी स्मार्ट सिटी मिशन लिमिटेड और नगर निगम की होगी। महानगर अध्यक्ष आजम शाह, विधानसभा अध्यक्ष परीक्षित वर्मा, पार्षद टिंकू अरोड़ा, गुलशेर, इमरान सैफी, फजलुर्रहमान, सुनील सोनकर, नूर आलम एवं नदीम अंसारी, अब्दुल गफूर, रतन यादव, रामकुमार, प्रणव शर्मा, राहुल शर्मा, अजय अग्रवाल, संदीप गोयल, फैसल सलमानी आदि रहे।