Saharanpur: शताब्दी एक्सप्रेस समेत सात ट्रेनें आज रहेंगी प्रभावित, यात्रियों को होगी परेशानी
आज शताब्दी एक्सप्रेस समेत सात ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने से रेल यात्रियों को परेशानी होगी। रेलवे ने मुरादाबाद मंडल के रायवाला यार्ड में काम करने के लिए ब्लॉक लिया है।
विस्तार
मुरादाबाद मंडल के रायवाला यार्ड में ब्लॉक की वजह से गुरुवार यानी आज शताब्दी एक्सप्रेस समेत सात ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेस नहीं चलेगी। इसकी वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
रेलवे ने मुरादाबाद मंडल के रायवाला यार्ड में काम करने के लिए ब्लॉक लिया है। रेलवे ने ट्रेनों को निरस्त करने के साथ-साथ बीच रास्ते से ही वापस और देरी से चलाने का निर्णय लिया है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि गुरुवार को ट्रेन नंबर 04373-74 सहारनपुर-देहरादून-सहारनपुर एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। 14631 देहरादून-अमृतसर एक्सप्रेस, 14816 ऋषिकेश-श्रीगंगानगर इंटरसिटी एक्सप्रेस को हरिद्वार से चलाया जाएगा।
इसी तरह 12017 नई दिल्ली-देहरादून शताब्दी एक्सप्रेस गुरुवार को नई दिल्ली से एक घंटे और 12018 देहरादून-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस देहरादून से भी एक घंटे लेट रवाना किया जाएगा। 19032 योगनगरी ऋषिकेश-अहमदाबाद एक्सप्रेस ऋषिकेश से एक घंटे लेट चलेगी।
14632 अमृतसर-देहरादून एक्सप्रेस व 14888 बाड़मेर-ऋषिकेश एक्सप्रेस बुधवार को हरिद्वार चली। यह दोनों ट्रेनें ऋषिकेश-देहरादून नहीं गई। इनके अलावा 19031 अहमदाबाद-योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस को एक घंटे रोककर चलाया गया।