सहारनपुर। नानौता निवासी एक महिला द्वारा अवैध रूप से ग्राम समाज की भूमि पर किए गए कब्जे को एसडीएम रामपुर मनिहारान ने मौके पर पहुंच हटवा दिया। एक सप्ताह पूर्व महिला के पति के कब्जे से भी सात बीघा जमीन खाली कराई गई थी। एसडीएम ने चेताया कि ग्राम समाज की जमीन पर कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
नानौता देहात क्षेत्र की देवबंद रोड स्थित ग्राम समाज के खसरा नंबर 2100 की करीब छह बीघा भूमि पर नगर निवासी महिला द्वारा अवैध रूप से काफी समय पूर्व से कब्जा किया हुआ था। इसकी शिकायत ग्रामीणों द्वारा उप जिलाधिकारी को की गई थी। शिकायत के बाद राजस्व टीम द्वारा की गई जांच में भूमि ग्राम समाज की पाई गई। इसके बाद जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को एसडीएम रामपुर मनिहारान संगीता राघव ने मौके पर पहुंचकर जमीन पर ट्रैक्टर चलवा कर कब्जा मुक्त कराया। टीम में चकबंदी कानूनगो विक्रम सिंह, लेखपाल पवन कुमार शर्मा, चकबंदी कर्ता तहसील कानूनगो अशोक कुमार शामिल रहे। इस दौरान ननौता देहात के ग्राम प्रधान पति अनुराग राणा, अजय सैनी, मोहित कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद