Saharanpur: बेजुबान से यह कैसी दुश्मनी: सड़क पार कर रहा था कुत्ता, राैंदता चला गया कार सवार, दर्दनाक मौत
सहारनपुर में एक व्यक्ति ने सड़क पार कर रहे पालतु कुत्ते को बेरहमी से कुचल डाला। चालक ने जरा भी इंसानियत न दिखाते हुए कार नहीं रोकी और उसे कुचलते हुए निकल गया।
विस्तार
रविवार को शिव विहार कॉलोनी निवासी लक्ष्य चौधरी का पालतू कुत्ता सड़क पार कर रहा था। तभी एक काली रंग की कार आई। कुत्ते को देखकर कार सवार चालक ने कार रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। कार कुत्ते को रौंदते हुए आगे बढ़ गई, लेकिन चालक का एक बार भी बेजुबान को कुचलते हुए दिल नहीं पसीजा। कुत्ते ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जिसका एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
कार चालक के खिलाफ दी तहरीर
कुत्ते के मालिक लक्ष्य चौधरी सोमवार को थाना सदर बाजार पहुंचे और कार चालक के खिलाफ तहरीर दी। तहरीर में बताया कि जिस कार चालक उनके कुत्ते को कुचला है, वह कॉलोनी की गली नंबर तीन में रहता है। घटना के बाद कार मालिक के घर पहुंचे।
आरोप है कि कार चालक के बारे में पता किया तो अभद्र व्यवहार किया गया। आरोप यह भी है कि कार मालिक ने कहा कि अब कुत्ता मर गया। जो करना है कर लो। वहीं, पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद जांच पड़ताल शुरू कर दी है। जांच की जा रही है। उसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी।