अस्थियां चोरी का मामला: शिकायत सुन अफसर हैरान, पीड़ित परिवार ने तांत्रिक पर जताया शक, ये है पूरा मामला
सहारनपुर जिले में अस्थियां चोरी का मामला सामने आया है। वहीं पीड़ित परिवार की शिकायत सुनकर अधिकारी भी हैरान रह गए। जानिए आखिर पूरा मामला क्या है।
विस्तार
सहारनपुर में थाना कुतुबशेर क्षेत्र के गांव सबदलपुर में श्मशान घाट से अंतिम सरकार के बाद एक महिला की अस्थियां चोरी कर ली गईं। मृतक महिला के पुत्र ने एक तांत्रिक पर शक जाहिर करते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
गांव सबदलपुर निवासी नरेंद्र पाल ने बताया कि 13 मार्च को उसकी माता का निधन हो गया था। इसी दिन उन्होंने गांव के ही श्मशान घाट में पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कर दिया। 15 मार्च की सुबह वह परिवार के साथ अस्थियां लेने श्मशान घाट गए थे। वहां देखा तो उसकी मां की अस्थियां गायब मिलीं।
इसके बाद पहले नरेंद्र सिंह ने गांव में ही खुद छानबीन की तो उसे पता लगा कि गांव में ही एक व्यक्ति के घर शामली निवासी एक तांत्रिक आया था। नरेंद्र ने आरोप लगाया कि तंत्रमंत्र के चलते उसी तांत्रिक ने श्मशान घाट से उसकी मां की अस्थियां चोरी की हैं।
यह भी पढ़ें: बारिश से सर्द हुआ मौसम: गेहूं की फसल गिरी, सब्जी की फसल को नुकसान, चिंता में किसान
आरोप है कि गांव के कुछ युवकों ने आरोपी को अस्थियां चोरी करते हुए भी देखा है। पीड़ित ने थाना कुतुबशेर में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और अस्थियां बरामद करने की मांग की।
यह भी पढ़ें: UP: विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर बड़ी कार्रवाई, एसडीएम ने 10 कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज कराया एस्मा का मुकदमा
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि मामले की जांच चल रही है, जिस व्यक्ति पर शक जाहिर किया गया है, उससे भी पूछताछ की जाएगी। मामले में आरोपी दोषी मिला तो उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा जाएगा।