Saharanpur: अनियंत्रित थार ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर, 10 मीटर घसीटा, तहसीलदार के कार चालक समेत दो घायल
सहारनपुर के बड़गांव में आज सुबह हुए एक दर्दनाक हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया गया कि यहां एक तेज रफ्तार थार ने सामने से आ रही बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार युवक व युवती गंभीर रूप से घायल हो गए।
विस्तार
तहसीलदार का कार चालक है युवक
गांव बालूमाजरा निवासी पूर्व प्रधान स्वर्गीय कानसिंह का बेटा संजय कुमार उर्फ संजु (32) संविदा पर तहसीलदार रामपुर मनिहारन की गाड़ी का चालक है। बुधवार सुबह वह बाइक पर सवार होकर अपनी ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकला था। अभी वह गांव खुदाबक्सपुर माजरा के एक पब्लिक स्कूल के समीप पहुंचा तो सामने से आ रही अनियंत्रित एक थार ने बाइक में आमने सामने की टक्कर मार दी।
बाइक सवार को दस मीटर तक घसीटा
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक में टक्कर मारने के बाद थार ने बाइक सहित दोनों बाइक सवारों को करीब दस मीटर तक सड़क पर घसीटा और बाद में सड़क से नीचे उतरकर एक सूखे पेड़ को उखाड़ते हुए नीचे खेत में उतर गई। टक्कर में बाइक सवार संजय कुमार व लिफ्ट लेकर बड़गांव कोचिंग के लिए आ रही गांव बडूली निवासी युवती आंचल (23) पुत्री श्रीपाल घायल हो गए।
घायलों को कस्बे के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां घायल की गंभीर हालत देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को हायर सेन्टर रेफर कर दिया। घटना के बाद चालक थार को लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है। क्षतिग्रस्त बाइक को कब्जे में लिया गया है थार व चालक की तलाश की जा रही है।