Saharanpur: चालक के नियंत्रण खोने पर सड़क किनारे खाई में पलटी स्कॉर्पियो, आठ घायल
सहारनपुर में शाकंभरी देवी के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार अनियंत्रिक होकर खाई में पलट गई। हादसे में आठ श्रद्धालु घायल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
विस्तार
सहारनपुर जनपद में सोमवार रात दिल्ली यमुनोत्री-हाईवे पर दर्दनाक हादसा हो गया। यहां शाकंभरी देवी के दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो कार चालक के नियंत्रण खोने पर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत आठ श्रद्धालु घायल हुए हैं।
हादसा बेहट व कलसिया के बीच वन विभाग की नर्सरी के सामने हुआ। जनपद शामली के थाना झिंझान क्षेत्र के गांव पूर्वा माफी निवासी अनुज कुमार परिवार के साथ स्कॉर्पियो कार में सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में माता के दर्शनों के लिए आया था।
यह भी पढ़ें: Dussehra 2023: दस पापों के परित्याग की प्रेरणा देता है दशहरा, देखें पूजन का मुहूर्त
वापस लौटते समय हाईवे पर सामने से आ रहे ट्रक से बचने के दौरान स्कॉर्पियो का चालक अपना नियंत्रण खो बैठा और अनियंत्रित स्कॉर्पियो सड़क किनारे खाई में उतरने के बाद पलट गई। हादसे के बाद स्कॉर्पियो में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई।
राहगीरों ने श्रद्धालुओं को स्कॉर्पियो के अंदर से निकाला, जिन्हें कलसिया में एक प्राइवेट चिकित्सक के यहां ले जाकर उपचार कराया गया। घायलों में अनुज कुमार, अंकित पुत्र राजकुमार, सचिन पुत्र सोमपाल, शिवानी पत्नी सचिन, अंकिता पत्नी अंकित, छह माह का बच्चा वंश व दो अन्य बच्चें घायल हुए है।