UP: 24 घंटे में लूट का खुलासा, दबोचे गए चार बदमाश, नौवीं पास आरोपियों ने पूछताछ में कही ये बड़ी बात
Saharanpur News : पुलिस ने 24 घंटे में ही लूट का खुलासा कर दिया। पुलिस ने चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वहीं, नौवीं पास आरोपियों ने पूछताछ में यह बड़ी बात कही है।
विस्तार
सहारनपुर में कोतवाली रामपुर मनिहारान क्षेत्र में फाइनेंस कंपनी की महिला कर्मचारी से लूट करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। इनके साथ एक अन्य बदमाश भी पकड़ा गया, जो इस गिरोह का सदस्य है और बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। आरोपियों के पास से नकदी, हथियार और तीन मोटरसाइकिलें बरामद हुईं हैं।
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने पत्रकार वार्ता में बताया कि नानौता निवासी रचना पांचाल एक निजी फाइनेंस कंपनी में नौकरी करती हैं। रामपुर मनिहारान क्षेत्र में दिल्ली रोड पर उनका कार्यालय है। मंगलवार की दोपहर वह क्षेत्र के कुछ गांवों से समूहों की महिलाओं से कलेक्शन कर बाइक पर घर लौट रही थीं। गांव नैनखेड़ी-सलेमपुर मार्ग पर तीन बदमाशों ने नकदी से भरा बैग लूट लिया था। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम को लगाया गया था।
वहीं बुधवार को पुलिस ने क्षेत्र से ही सौरभ और सचिन निवासी गांव सांचलू कोतवाली रामपुर मनिहारान, टिंकू निवासी गांव महेशपुर थाना बड़गांव और शाहरुख निवासी गांव तुरमतखेड़ी को गिरफ्तार किया है। सौरभ, टिंकू और सचिन के पास से 63 हजार रुपये, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, एक तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं। इन्हीं तीनों आरोपियों ने वारदात की थी।
यह भी पढ़ें: PHOTOS: एक ही परिवार के चार जनाजे एक साथ उठे तो रो पड़ा पूरा खुशहालपुर, शवों को देख बेहोश होकर गिरी बहन
वाहन भी चोरी करते थे आरोपी
एसपी सिटी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पता चला कि शाहरुख भी इनके गिरोह का सदस्य है, जो इनके साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी की वारदात को अंजाम देता था। इसके पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। इस गिरोह का पांचवां आरोपी फरार है, जिसको पकड़ने के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
यह भी पढ़ें: भाई-बहन की हत्या का मामला: 'आंखों के आंसू सूखे, अब ऊपर वाले पर भरोसा, हत्यारोपियों को फांसी देने की मांग'
कक्षा नौवीं पास है सौरभ
महिला से लूट की योजना सौरभ ने बनाई थी। सौरभ कई दिन से महिला की रेकी कर रहा था, जिसे पता था कि रचना क्षेत्र के गांव से रुपयों का कलेक्शन कर अपने कार्यालय या घर लौटती है। सौरभ और सचिन ने कक्षा नौ तक पढ़ाई की है। इसके अलावा टिंकू दसवीं पास है। आरोपियों का कहना है कि रोजगार न होने की वजह से उन्हें पैसों की जरूरत थी। इसलिए लूट की घटना को अंजाम दिया।