Saharanpur News: रेलवे अंडरपास के पानी में डूबकर चार पशुओं की मौत, किसान ने जैसे-तैसे बचाई जान
Saharanpur News : सहारनपुर में रेलवे अंडरपास के पानी में डूबकर चार पशुओं की मौत हो गई। इस दौरान किसान ने जैसे-तैसे अपनी जान बचाई।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के सरसावा में खेत में पशु चराने गए एक किसान के चार पशुओं की रेलवे अंडरपास में भरे पानी में डूबकर मौत हो गई। किसान ने किसी तरह अपनी जान बचाई और पानी से बाहर निकलकर शोर मचाया तो खेतों में काम कर रहे अन्य ग्रामीण मौके पर आए।
वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की टीम ने पानी में डूबे पशुओं को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर एसडीएम नकुड़ भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित किसान से पूरे मामले की जानकारी ली। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने पीड़ित किसानों को मुआवजा देने व रेलवे का ओवरब्रिज बनवाने की मांग की।
मंगलवार को अंबाला रोड पर ग्राम सोराना में एक बड़ा हादसा हुआ। ग्राम सोराना निवासी किसान जगपाल अपने चार पशुओं दो दुधारी भैंस व दो भैंसा (झोटा) को लेकर खेत में चराने के लिए गया था। इसी बीच किसान के चारों पशु सोराना से इब्राहिमपुरा जा रहे रास्ते पर बने रेलवे के अंडरपास में चले गए। अंडरपास में काफी ऊंचाई तक पानी भरा हुआ था, जिसमें पशु डूबने लगे। ये देख किसान ने डूबते हुए पशुओं को बचाने का प्रयास किया लेकिन वह विफल रहा। इस दौरान किसान भी अपने आप को किसी प्रकार बचाते हुए पानी से बाहर निकला।
किसान जगपाल ने शोर मचाकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोगों को बुलाया व अपने पशुओं को पानी से बाहर निकलवाने की गुहार लगाई। जिसे देख ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड व पुलिस को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने किसानों की सहायता से चारों पशुओं को बाहर निकाला लेकिन, तब तक वे दम तोड़ चुके थे।
यह भी पढ़ें: परिवार पर टूटा कहर: पिता की अर्थी का सामान लेने गए जवान बेटे की सदमे में मौत, घर से एक साथ उठीं दो अर्थियां
जानकारी मिलने पर एसडीएम नकुड़ अजय कुमार भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित किसान से मामले की जानकारी ली। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि रेलवे के अंडरपास में बरसात के समय पानी भर गया था जो अब तक निकल नहीं पाया। जिसके चलते वे अपने खेतों पर भी नहीं जा पा रहे हैं। गांव के प्रधान प्रतिनिधि नरेश चौधरी, गन्ना सहकारी समिति के पूर्व अध्यक्ष राकेश चौधरी, बोन्सा के प्रधान शिवम चौधरी आदि ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को मुआवजा दिए जाने व अंडरपास के स्थान पर ओवरब्रिज बनवाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: Shamli: किशोर की हत्या में बड़ा खुलासा, कुकर्म के बाद गला दबाकर दी थी मौत, पुलिस के सामने फूट-फूटकर रोए आरोपी