Saharanpur: हरिद्वार से लौट रहे परिवार की कार गड्ढे में गिरी, मां-बेटे की मौत, तीन घायल
सहारनपुर के फिरोजपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हरिद्वार से लौटते वक्त नींद की झपकी आने से हादसा हुआ।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। देहात कोतवाली क्षेत्र के नंदी फिरोजपुर के पास फिरोजपुर हाईवे पर सुखदेव ढाबा के पास कार के गहरे गड्ढे में गिरने से मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
जानकारी के मुताबिक, हादसा हरिद्वार से लौटते वक्त हुआ। बताया जा रहा है कि कार चालक को झपकी आ गई, जिससे गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह हाईवे किनारे बने एक गहरे गड्ढे में जा गिरी। कार में सवार लोग हरिद्वार से स्नान कर लौट रहे थे।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 19 मई को आपके शहर में क्या हुआ
मृतकों की पहचान अंबाला कैंट निवासी प्रिंस और उनकी मां संतोष कश्यप के रूप में हुई है। हादसे में घायल हुए शिवम, सानू और एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।