सहारनपुर। मणिपुर की घटना के विरोध में राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकाला। उन्होंने कहा कि मणिपुर सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। उन्होंने सामूहिक हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की भी मांग की।
रालोद कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च की शुरुआत देहरादून रोड से की और समापन अस्पताल चौक स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर किया। कैंडल मार्च को जिलाध्यक्ष राव कैसर, प्रदेश महासचिव चौधरी धीर सिंह, चौधरी अयूब हसन, रमेश चौहान और फखरुल इस्लाम ने झंडी दिखाकर रवाना किया। मणिपुर घटना के विरोध में कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की। वक्ताओं ने कहा कि मणिपुर की घटना न सिर्फ अमानवीय है बल्कि इससे विदेशों में भी देश की छवि खराब हुई है। उन्होंने मणिपुर सरकार को तत्काल बर्खास्त करने और वहां राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मणिपुर में सामूहिक हिंसा में मारे गए लोगों के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाए और सामूहिक हिंसा एवं बलात्कारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। इस दौरान सागर चौधरी, मो. आसिफ, गजेंद्र चौधरी, मयंक चौधरी, राव फरमान, शौकीन राणा, उदित, यजुवेंद्र, सार्थक आदि मौजूद रहे।