सरसावा (सहारनपुर)। मंडलायुक्त के आदेश पर नकुड़ तहसील प्रशासन ने कुतुबपुर के गैर आबाद क्षेत्र रपरौली से करीब डेढ़ सौ बीघा भूमि से अवैध कब्जे हटाए।
शनिवार को नकुड़ तहसील के उपजिलाधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय और तहसीलदार देवेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल,एनजीटी) ने निर्देश दिया है कि नदी किनारों की भूमि से अवैध कब्जे हटाकर नदियों को बहने का सुलभ रास्ता उपलब्ध रहना चाहिए। इसके अनुपालन में मंडलायुक्त लोकेश एम तथा जिलाधिकारी अखिलेश सिंह के निर्देश पर शनिवार को ग्राम कुतुबपुर के गैर आबाद यमुना नदी किनारे के रपरौली क्षेत्र से 150 बीघा भूमि पर अवैध रूप से उर्गाई फसल पर ट्रैक्टर चलाकर प्रशासन ने कब्जा लिया है। तहसीलदार देवेंद्र सिंह ने कब्जाधारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि ये अभियान लगातार जारी रहने वाला है। लगातार सरकारी भूमि की पैमाइश करा कर अवैध कब्जे हटाए जा रहे हैं। इस मौके पर नायब तहसीलदार अजब सिंह, राजस्व निरीक्षक राहुल सिंह, लेखपाल जाफर, राहुल भारद्वाज, अमित सैनी तथा बड़ी संख्या में राजस्व कर्मी मौजूद रहे।संवाद