सरसावा (सहारनपुर)। एसडीएम सदर अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में तहसील सदर की टीम ने शनिवार को सरसावा क्षेत्र के ग्राम हुसैनपुर में यमुना नदी की लगभग 320 बीघा सरकारी भूमि को कब्जा मुक्त कराया।
शनिवार को सुबह आरंभ हुई जमीन को कब्जा मुक्त कराने की कार्रवाई शाम तक जारी रही। एसडीएम (सदर) अनिल कुमार ने बताया कि इस भूमि पर ग्राम हुसैनपुर के भूरा, शमशाद, कुरबान, सईद, नवाब आदि 40 लोगों ने अवैध रूप से फसल बो कर कब्जा किया। विगत वर्षों में इस भूमि से कब्जा हटाने के प्रयासों को कब्जाधारियों द्वारा विफल किया, लेकिन आज उन्होंने सरसावा थाने के प्रभारी निरीक्षक अशोक सोलंकी सहित मौके पर जाकर अवैध कब्जे हटवाते हुए ट्रैक्टर चलवाकर जमीन को जुतवाया। इस भूमि पर पौधरोपण अभियान के अंतर्गत वन विभाग द्वारा पेड़ लगाए जाएंगे। इससे भूमि की सुरक्षा के साथ साथ पर्यावरण भी बेहतर होगा। एसडीएम ने बताया शासन द्वारा यह निर्देश दिए गए हैं कि बाहर से आए ग्रामीण श्रमिकों को मनरेगा के अंतर्गत रोजगार दिया जाना है। इसके लिए तालाबों की खुदाई, सफाई, चकमार्गों पर मिट्टी डालने जैसे कार्य भी प्राथमिकता में रखे हैं। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह से और बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे हटाए जाएंगे। इस दौरान राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र सैनी, लेखपाल अंकुर चौधरी, गुरुदेव आदि रहे।