गंगोह (सहारनपुर)। बुधवार सुबह हुई बारिश ने गंगोह में जल निकासी के दावों की पोल खोल कर दी है। लगातार बारिश में सड़कें जलमग्न हो गई। इससे आम नागरिक को परेशान होना पड़ा।
सुबह के वक्त हुई जबरदस्त बारिश ने किसानों के चेहरे पर खुशी ला दी है। बारिश से जहां धान की पौध की रोपाई कर रहे किसानों की पानी की जरूरत पूरी हो गई, वहीं बारिश से बाग मालिक खुश नजर आ रहे हैं। हालांकि सब्जी उत्पादक किसान नुकसान को लेकर चिंतित नजर आए। उधर दो घंटे तक लगातार बारिश से पानी की निकासी सही प्रकार से न होने से गंगोह नगर की सड़कें पानी से लबालब हो गई। जलभराव के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़। पद्म सिनेमा मार्ग, दूधला रोड, सब्जी मंडी, मेटाडोर स्टैंड, शिव चौक, रामबाग मार्ग, मोहल्ला गुजरान, कंकराली रोड के अलावा पूरा सराय पट्टी क्षेत्र तालाब बना रहा। इस क्षेत्र के लोगों का कहना है कि गांधी नगर के पास नाले पर किया गया अतिक्रमण परेशानी का कारण है, जिस कारण पानी की निकासी नहीं हो पाती। सब्जी मंडी स्थित काली मंदिर व मोहल्ला गुजरान स्थित मंदिर में भी पानी भर गया। बारिश से दुकानों व घरों में भी पानी भर गया जिससे बहुत सा सामान भी खराब हो गया। उधर, ईओ कृष्ण मुरारी ने बताया कि नालों पर किया गया अतिक्रमण जल्द ही हटवाया जाएगा। इसके साथ ही नालों की सफाई का कार्य भी चल रहा है।

गंगोह के मोहल्ला गुजरान स्थित मंदिर में भरा गंदा पानी- फोटो : SAHARANPUR