सहारनपुर। प्रमोशन की मांग को लेकर खानआलमपुरा यार्ड में रेलवे कर्मचारियों ने काम बंद कर प्रदर्शन किया, साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा।
सोमवार को खानआलमपुरा यार्ड में नॉदर्न रेलवे मेंस यूनियन के बैनर तले इलेक्ट्रिक लोको शेड कर्मचारी काम बंद कर धरने पर बैठ गए। धरने को संबोधित करते हुए एनआरएमयू के शाखा सचिव लखपत सिंह ने कहा कि लगभग दो साल से इलेक्ट्रिक लोको शेड का कैडर बंद हो चुका है, लेकिन वहां कार्य कर रहे कर्मचारियों की सीनियर के अनुसार लिस्ट अभी तक नहीं आई है। रेलवे प्रशासन ढुलमुल रवैया अपना रहा है। इससे कर्मचारियों में रोष है। लखपत सिंह ने कर्मचारियों की मांग को लेकर अंबाला में सीनियर डीपीओ से फोन पर बात की, उन्होंने 21 अक्तूबर तक के लिए समय मांगा। जिसके बाद रेलवे कर्मचारी धरने से काम पर लौटे। धरने में सीएस बाजवा, विजय कुमार, सुनील कुमार, बालेश कुमार, पवन कुमार, सुनील शर्मा, इजराइल राणा, पंकज सैनी, रविंद्र, किरोड़ी मीणा आदि रहे।