पॉलिथीन जब्त कर नौ हजार रुपये वसूला जुर्माना
चिलकाना (सहारनपुर)। नगर पंचायत सुल्तानपुर चिलकाना द्वारा पॉलिथीन रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ अभियान चलाया गया। दुकानदारों से करीब 13 किलो पॉलिथीन जब्त की गई और नौ हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
सोमवार को कस्बे में लगने वाली साप्ताहिक पैठ में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी जितेंद्र राणा और उनकी टीम ने दुकानों पर छापेमारी करते हुए पॉलिथीन की जांच की। अधिशासी अधिकारी ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार पॉलिथीन का उपयोग वर्जित है। किसी भी दुकान पर पॉलिथीन का उपयोग नहीं करने दिया जाएगा। ऐसा करने वाले दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिशासी अधिकारी ने पैठ बाजार के अलावा कस्बे और बस स्टैंड के अन्य दुकानदारों की दुकानों पर भी छापामारी कर पॉलिथीन का प्रयोग न करने की चेतावनी दी। इस दौरान इस्त्याक, नफीस अहमद, प्रताप सैनी, रवि सैनी, अशोक कुमार, अब्दुल राजिक, अभिषेक जैन, दीपक सैनी आदि थे।