UP: इमरान मसूद के बयान पर सियासत गरमाई, अखिलेश पर टिप्पणी पर पलटवार, बोले फजलुर्रहमान-इससे भाजपा को फायदा
सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के अखिलेश यादव को लेकर दिए बयान पर सियासी विवाद बढ़ गया है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कहा कि ऐसे बयान से भाजपा को फायदा मिलता है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के अखिलेश यादव को लेकर दिए गए बयान के बाद सहारनपुर की राजनीति गरमा गई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता को समाजवादी पार्टी को नसीहत देने से बचना चाहिए, क्योंकि ऐसे बयान का सीधा लाभ भाजपा को मिलता है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को आपसी बयानबाजी से बचते हुए सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर काम करना चाहिए।
यह भी पढ़ें: CM Yogi In Baghpat: नवनाथ मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होंगे सीएम योगी, सुरक्षा में एक हजार जवान तैनात
इमरान मसूद ने दिया था यह बयान
कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने हाल ही में कहा था कि ममता हार गईं और अखिलेश यादव को भी इससे सबक लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा था कि भाजपा का मुकाबला केवल कांग्रेस ही कर सकती है। इसी बयान के बाद समाजवादी पार्टी के नेताओं ने प्रतिक्रिया देना शुरू कर दिया और इसे लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई।
समाजवादियों ने लंबे समय तक किया मुकाबला
पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान ने कहा कि उत्तर प्रदेश की बात करें तो वर्ष 1985 से 1989 तक कांग्रेस की अंतिम सरकार के बाद लगभग सैंतीस वर्षों तक समाजवादियों ने ही भाजपा और सांप्रदायिक शक्तियों से मुकाबला किया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की रक्षा के लिए संघर्ष किया है।
लोकसभा चुनाव का भी दिया उदाहरण
पूर्व सांसद ने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भी उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने भाजपा के चुनावी रथ को रोकने का काम किया। उन्होंने कहा कि लोकसभा में गठबंधन के 43 सांसदों में से 37 समाजवादी पार्टी और छह कांग्रेस से निर्वाचित हुए हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में समाजवादी पार्टी धर्मनिरपेक्ष ताकतों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश से भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए संघर्ष जारी रखेगी।