UP:महमूद मदनी बोले-पीएम मोदी इस्राइल-फिलिस्तीन संघर्ष के समाधान में निभाएं प्रभावी भूमिका
देवबंद में जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्राइल-फिलिस्तीन संघर्ष के समाधान में प्रभावी भूमिका निभाने की मांग की है।
विस्तार
देवबंद में जमीयत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना महमूद मदनी ने फिलिस्तीन में जारी खूनी संघर्ष और आवासीय क्षेत्रों पर भारी बमबारी की कड़ी निंदा करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से इसे तत्काल रोकने की अपील की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्राइल-फिलिस्तीन संघर्ष के समाधान में प्रभावी भूमिका निभाने की मांग की है।
सोमवार को जारी बयान में मौलाना महमूद मदनी ने वैश्विक शक्तियों, संयुक्त राष्ट्र संघ की सुरक्षा परिषद और वर्ल्ड मुस्लिम लीग आदि से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है। मौलाना मदनी ने कहा कि भारत के लोग फिलिस्तीनियों के साथ हैं। क्योंकि यह लोग पिछले 75 वर्षों से इस्राइल के दमनकारी कब्जे और हिंसा से त्रस्त हैं।
इसी वजह से वह आज भी अपनी ही मातृभूमि में कैदियों की तरह रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि निःसंदेह फिलिस्तीन के लोगों का संघर्ष अपनी मातृभूमि की आजादी और पहले किबला (पहले जिस तरफ रुख करके नमाज पढ़ी जाती थी) को फिर से प्राप्त करने के लिए है।
मौलाना महमूद ने कहा कि इस संघर्ष का मूल आधार इस्राइल द्वारा फिलिस्तीन पर अवैध कब्जा और विस्तारवादी सोच है। संयुक्त राष्ट्र के निर्धारित सिद्धांतों के अनुसार इसे जल्द से जल्द हल किया जाए।
उन्होंने युद्ध की शर्मनाक रिपोर्टिंग करने और अधिकारों की बहाली के लिए लड़ रहे राष्ट्र को आतंकवादी कहने पर चिंता और नाराजगी व्यक्त की। मौलाना मदनी ने देश के प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा कि वह इस्रराइल-फिलिस्तीन संघर्ष के समाधान में प्रभावी भूमिका निभाएं। साथ ही इस्राइल का समर्थन करने के बजाय न्याय की मांग के अनुसार स्थायी शांति की स्थापना और निर्दोष नागरिकों की जान बचाने के लिए अपने प्रभाव का सही उपयोग करें।