सहारनपुर। युवाओं के सामने विभिन्न भर्तियों में शामिल होने और अन्य प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने के लिए अभ्यास करना मुश्किल हो गया है। एक तरफ स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण अधर में लटका हुआ है तो देहरादून रोड पर रिमाउंट डिपो की जमीन पर चहारदीवारी हो गई है। युवाओं ने डीएम से मुलाकात कर दौड़ का अभ्यास करने के लिए खेल मैदान की व्यवस्था कराने की मांग की है।
सोमवार को देहरादून रोड पर जनकपुरी और जेल चुंगी के आसपास इलाकों में रहने वाले युवा कलक्ट्रेट पहुंचे। इनमें शामिल अंकित, विक्की, विशाल, शोभित, अर्जुन, मुकेश, विक्रम, बबलू और शुभम आदि ने बताया कि वह सभी देहरादून रोड पर रिमाउंट डिपो के मैदान पर दौड़ का अभ्यास कर रहे थे। रिमाउंट डिपो की तरफ से उस मैदान पर चहारदीवारी करा दी गई है तथा गेट भी लगा दिया है। बीते दो दिन से गेट बंद कर दिया गया है, जिस कारण वे दौड़ का अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं। वहीं, डाक्टर भीमराव आंबेडकर स्पोर्ट्स स्टेडियम में भी मैदान अभी तैयार नहीं है और सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण अधर में लटका हुआ है। इस कारण दौड़ का अभ्यास करने के लिए कोई उपयुक्त स्थान शहर में नहीं है। उनमें से अधिकांश युवाओं द्वारा पुलिस और सेना में भर्ती होने के उद्देश्य से दौड़ का अभ्यास किया जा रहा है, लेकिन अभ्यास रुकने के कारण दिक्कत बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि सेना के अफसरों से भी मांग की है कि देहरादून रोड स्थित रिमाउंट डिपो के मैदान में अभ्यास करने की अनुमति दें, लेकिन अनुमति नहीं मिली है। जिलाधिकारी से गुहार लगाई कि युवाओं को खेल मैदान की व्यवस्था कराई जाए।