सहारनपुर। भारतीय किसान संघ के प्रदेश संयोजक श्यामवीर त्यागी ने कहा कि किसानों को ब्याज सहित गन्ने का बकाया भुगतान दिलाया जाए। ऐसा नहीं होने पर जिला मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
भारतीय किसान संघ ने सोमवार को कलक्ट्रेट पर बैठक की। बैठक में श्यामवीर त्यागी ने कहा कि पेराई सत्र बंद हुए चार माह बीत गए हैं। शुगर मिलों पर किसानों का एक हजार करोड़ से अधिक बकाया है। यह भुगतान ब्याज समेत जल्द कराया जाए। जिला मंत्री विक्रम सिंह पुंडीर ने कहा कि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है, इसलिए प्रदेश सरकार बाजार बढ़ोतरी के अनुपात में ही गन्ने के मूल्य में बढ़ोतरी कर गन्ने का लाभकारी मूल्य जल्द घोषित करें। जिलाध्यक्ष राहुल त्यागी ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में किसानों को नलकूप की बिजली मुफ्त देने का वादा किया था, इसे शीघ्र पूरा करें, नहीं तो आंदोलन किया जाएगा। बैठक के उपरांत डीएम दफ्तर पर मांगों का ज्ञापन दिया गया। नीरज त्यागी, गौतम, चौधरी अनिल, अमित राणा, अमरीश त्यागी, महेंद्र सिंह, इंतखाब प्रधान, एहतेशाम, अरुण चौधरी, दीपक, अमन आदि किसान मौजूद रहे। बैठक का संचालन जिला महामंत्री विक्रम सिंह पुंडीर ने किया।