Saharanpur News: जनपद में बिजली संकट से मचा हाहाकार, खाली पड़ी कुर्सियां, उपभोक्ता परेशान
सहारनपुर जनपद में विद्युत निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शुक्रवार को महानगर और देहात क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति दिनभर ठप रही। शनिवार को भी हड़ताल का असर जारी रहा।
विस्तार
विद्युत निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शुक्रवार को महानगर और देहात क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति दिनभर ठप रही। बृहस्पतिवार की रात आंधी और बारिश हुई। जिसकी वजह से आवास विकास सब स्टेशन के राजौरी गार्डेन का फीडर ठप हो गया। बताया गया कि हसनपुर चुंगी स्थित आनंद स्वीट्स के पास 33 केवी लाइन पर प्लैक्स गिर गया। जिसके बाद लाइन में फाल्ट हुआ।
सुबह साढ़े पांच बजे से लेकर 10 बजे तक आपूर्ति बंद रही। इसके अलावा घंटाघर, किशनपुरा और मानकमऊ बिजलीघरों से जुड़ी काॅलोनियों में भी चार से पांच घंटे आपूर्ति बाधित रही। जैन बाग और पुल खुमरान बिजलीघर को बिजली आपूर्ति करने वाले 33 केवी लाइन में सुबह साढ़े 11 बजे ब्रेकडाउन हुआ। जिससे मदनपुरी, सम्राट विक्रम काॅलोनी, खाताखेड़ी, बाबा लालदास रोड, मातागढ़, धोबीघाट सहित भूतेश्वर मंदिर रोड, मोरगंज, दालमंडी पुल, जामा मस्जिद, दीनानाथ बाजार, बड़तला यादगार, अरबी मदरसा आदि इलाकों की बिजली ठप हो गई।
बताया गया कि संविदाकर्मी लाइन का फाल्ट ठीक करने के बाद आपूर्ति चालू कराने के लिए पेपर मिल रोड स्थित 220 केवी विद्युत उपकेंद्र पहुंचे तो यहां स्टाफ नदारद मिला। शाम तक आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। जिसकी वजह से इन मोहल्लों के लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
मिर्जापुर उपकेंद्र में शुक्रवार सुबह चार बजे से बिजली आपूर्ति ठप है। उक्त उपकेंद्र से जुड़े गांव शाहपुर गाड़ा, शेरपुर पेलो, कासमपुर, हबीबपुर तपोवन, डाडल, हिन्दूवाला, मिर्जापुर आदि अंधेरे में डूबे रहे। साढ़ौली कदीम के सलेमपुर गदा बिजलीघर से आपूर्ति सुबह छह बजे से बाधित है।
इससे रसूलपुर, कवादपुर, चकखीजरपुर, टोडरपुर, नुनयारी, जोधेबांस, कांसेपुर, बहरामपुर, तिड़कुआ, टटोहल, धौलरा आदि सहित 20 गांवों में रातभर से अंधेरा पसरा रहा। पठेड़ बिजलीघर से दौलतपुर, नथमलपुर, पंचकुआं, रघुनाथपुर, दानतपुर, रावणपुर, उगरपुर, बरथाकायस्थ आदि में 20 घंटे से बिजली सप्लाई फेल रही। इनके अलावा नकुड़ के खंडवा, टाबर, खोसपुर, नथौड़ी बिजलीघर से जुड़े गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। खेड़ा अफगान में 33 केवी लाइन में फाल्ट आने के कारण सुबह पौने चार बजे से बिजली आपूर्ति बंद हैं।
बिजलीघरों में तैनात रहे पुलिस कर्मी
विद्युत कर्मचारियों की हड़ताल में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिजलीघरों पर पुलिसकर्मी तैनात रहे। घंटाघर, हकीकत नगर, मानकमऊ सहित अन्य बिजलीघरों पर पुलिसकर्मी मुस्तैद रहे। यहीं नहीं घंटाघर पर चल रहे धरने पर भी पुलिस की नजर रही।
बिल जमा न होने से परेशान रहे उपभोक्ता
विद्युत हड़ताल के चलते बिजली बिल काउंटर भी बंद हैं। शुक्रवार को आईटीआई बिजलीघर पर पहुंची बलियाखेड़ी निवासी फूल्लो ने बताया कि उनका कनेक्शन दो दिन से कटा हुआ है, लेकिन अभी तक जुड़ा, जिस वजह से परेशानी हो रही। हसनपुर निवासी संजय और कांकरकुई के रहने वाले राजबीर का कहना है कि बिजली बिल आ गया है, उन्हें डर इस बात का है कि कहीं उनका कनेक्शन न कट जाए। उन्हें ऑनलाइन बिल जमा करना नहीं आता।