जेब पर पड़ेगा असर: अब सहारनपुर-मुजफ्फरनगर से उत्तराखंड में जाना हुआ महंगा, पढ़िए क्या बोले अधिकारी
क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम अनिल कुमार का कहना है कि उत्तराखंड परिवहन विभाग ने रोडवेज की बसों में यात्री किराया बढ़ाया है।
विस्तार
सहारनपुर और मुजफ्फरनगर से रोडवेज बसों में उत्तराखंड जाना महंगा हो गया है। उत्तराखंड परिवहन निगम ने रोडवेज की बसों के किराए में बढ़ोतरी कर दी है। बढ़ा हुआ किराया उत्तराखंड और यूपी रोडवेज दोनों परिवहन निगम की रोडवेज बसों में लागू किया गया है। इसके चलते सहारनपुर और मुजफ्फरनगर डिपो से संचालित होने वाली रोडवेज बसों में भी देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की का किराया बढ़ा हुआ लगेगा। परिवहन निगम ने परिचालकों को किराया वृद्धि की लिस्ट सौंप दी है।
सहारनपुर परिवहन निगम रीजन की करीब 200 से 250 बसें उत्तराखंड जाती है। इनमें 30 एसी और अन्य साधारण बसें शामिल हैं। बड़ी संख्या में सहारनपुर, मुजफ्फरनगर से लोग उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की जाते रहते हैं। अब उत्तराखंड परिवहन विभाग ने अपनी रोडवेज बसों में यात्री किराया बढ़ाया। बढ़ा हुआ यह किराया यूपी परिवहन निगम की रोडवेज बसों में भी लागू किया गया है। जिससे सहारनपुर, मुजफ्फरनगर डिपो से देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश और रुड़की जाने वाली बसों में भी किराया वृद्धि की गई है। सहारनपुर से देहरादून के किराए में तीन रुपये, हरिद्वार 15 रुपये और ऋषिकेश के किराए में 19 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। इसी तरह मुजफ्फरनगर से देहरादून के लिए वाया रुड़की 13 रुपये, वाया देवबंद के छह रुपये, हरिद्वार के लिए 15 रुपये, ऋषिकेश के 24 और रुड़की के लिए छह रुपये यात्रियों को अतिरिक्त देने पड़ेंगे। किराए में वृद्धि होने से यात्रियों की जेब पर असर पड़ेगा।
कांवड़ यात्रा तक अलग है किराया
उप्र राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों के मुताबिक, कांवड़ यात्रा तक किराया अलग रहेगा। क्योंकि कांवड़ यात्रा के मद्देनजर रूट डायवर्ट किया हुआ है, जिसके चलते रोडवेज की बसों को लंबा रूट तय करना पड़ रहा है। सहारनपुर से देहरादून के लिए 116, हरिद्वार के 152 और ऋषिकेश के 206 रुपये तय किए गए हैं।
रोडवेज बसों में पहले और अब किराया
कहां से कहां तक पहले अब
सहारनपुर-देहरादून तक 98 101
सहारनपुर-हरिद्वार तक 112 137
सहारनपुर-ऋषिकेश तक 172 191
मुजफ्फरनगर-देहरादून तक 183 196
मुजफ्फरनगर-हरिद्वार तक 131 146
मुजफ्फरनगर-ऋषिकेश तक 184 208
मुजफ्फरनगर-रुड़की तक 78 84
उत्तराखंड परिवहन विभाग ने रोडवेज की बसों में यात्री किराया बढ़ाया है। जो यूपी की रोडवेज बसों में भी लागू होगा। सहारनपुर परिवहन रीजन की बसें भी उत्तराखंड के अलग-अलग शहरों में जाती है। इसलिए रीजन की उत्तराखंड जाने वाली बसों में किराया बढ़ोत्तरी की गई है। - अनिल कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, परिवहन निगम