घेराबंदी तेज: मोस्ट वांटेड हाजी इकबाल की सटीक लोकेशन मिली, एक वर्ष से पुलिस को चकमा दे रहा एक लाख का इनामी
सहारनपुर से मोस्ट वांटेड इकबाल का शेख के साथ फोटो वायरल होने के बाद पुलिस ने एक लाख के इनामी हाजी इकबाल की सटीक लोकेशन पता कर ली है। पुलिस जल्द ही हाजी इकबाल के खिलाफ बड़ा एक्शन ले सकती है।
विस्तार
सहारनपुर से मोस्ट वांटेड खनन माफिया और पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल एक वर्ष से पुलिस की चकरघिन्नी बनाए हुए है। उसके दुबई में होने की पुष्टि हो गई है। पुलिस दुबई में उसके ठिकानों की पुष्टि कर रही है। अब उस पर जल्दी ही शिकंजा कसा जा सकता है।
दरअसल, मिर्जापुर निवासी खनन माफिया और एक लाख का इनामी हाजी इकबाल की गिरफ्तारी को पुलिस की छह टीमें काम कर रही हैं। देशभर में इकबाल के ठिकानों पर पुलिस दबिश दे चुकी है।
अब हाजी इकबाल के दुबई में होने की पुष्टि हो गई है। क्योंकि, हाल ही में दुबई के एक कारोबारी के साथ इकबाल का फोटो सोशल मीडिया पर दिखा था। इसके अगले ही दिन इकबाल ने गाजियाबाद पासपोर्ट कार्यालय में ऑनलाइन आवेदन किया था।
यह भी पढ़ें: विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस: खुदकुशी बुजदिली का काम, मौत नहीं कोई हल, जिंदगी को लगाएं गले
आवेदन के जरिए वह अपना पता मिर्जापुर से हरियाणा के गुरुग्राम कराना चाहता है। इसका पता लगते ही स्थानीय पुलिस सतर्क हो गई और उसके आवेदन पर आपत्ति लगवाई गई थी।
पुलिस ने अब इकबाल को भारत लाने की कवायद शुरू कर दी है। इसको लेकर शासन को भी रिपोर्ट भेजी गई है। पुलिस दूतावास की प्रक्रिया पूरी कर इकबाल को भारत लाना चाहती है। हालांकि, अभी कोई अधिकारी इस पर बोलने को तैयार नहीं है, लेकिन सभी प्रक्रिया पूरी की जा रही हैं।