नकुड़ (सहारनपुर)। वाणिज्य कर विभाग ने व्यापारियों को दिसंबर के अंत तक जीएसटी में निशुल्क पंजीकरण कराने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि मानधन योजना में पंजीकृत दुकानदार व व्यापारियों को आयु अनुसार रुपये 55 से दो सौ प्रति माह जमा कराने पर 60 वर्ष की आयु के पश्चात तीन हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी। सरकार आने वाले दिनों में जीएसटी के सरलीकरण और पंजीयन व्यापारियों को और अधिक सुविधाएं देगी। मंगलवार को नगर के श्री राम लीला भवन में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के तत्वावधान में आयोजित जीएसटी जागरूकता एवं पंजीयन कैंप में वाणिज्य कर विभाग सहारनपुर के असिस्टेंट कमिश्नर अभिषेक मिश्रा ने बताया कि पांच लाख से अधिक का सालाना टर्नओवर करने वाले दुकानदार एवं व्यापारियों को जीएसटी में पंजीकरण कराना चाहिए, क्योंकि सरकार द्वारा प्रदत्त योजनाओं का लाभ केवल जीएसटी में पंजीयन कराने वाले व्यापारियों को ही मिलेगा।
वहीं वाणिज्य कर विभाग के नंदन सिंह, बृजपाल सिंह, धर्मपाल और उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिलाध्यक्ष सुभाष सिंघल, नगराध्यक्ष सतीश सिंघल, सुधीर मित्तल, पंकज जैन, राकेश सिंघल आदि ने कहा कि सभी व्यापारियों के लिए जीएसटी में पंजीकरण कराना एक राष्ट्रीय कर्तव्य भी है और सरकार भी व्यापार के सरलीकरण एवं व्यापारियों को सुविधाएं देने के प्रति बेहद गंभीर है। इसलिए व्यापारियों को जीएसटी में दिसंबर तक निशुल्क पंजीकरण कराने का अवसर दिया जा रहा है। शिविर में मौजूद व्यापारी नेता सुधीर मित्तल, राकेश सिंघल एवं सतीश गुप्ता ने व्यापारियों की समस्याओं को रखकर कहा कि वाणिज्य कर विभाग को सरकार द्वारा प्रदत्त सुविधाओं के अलावा छोटे एवं मझोले व्यापारियों को और अधिक सुविधाएं देने की आवश्यकता है। ताकि जीएसटी को लेकर उनके मन में पैदा हुआ भ्रम दूर हो सके। इसमें सतीश रुहेला, सचिन गुप्ता, राजेश जैन राजू, सोहित मित्तल, मनोज गोयल, धारा सिंह, अरुण धनगर आदि रहे।