मेरठ: भैंसाली बस अड्डे के सामने होटल में शामली के युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस
मेरठ में भैंसाली रोडवेज के सामने स्थित खालसा होटल में शामली निवासी एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच में जुटी है।
विस्तार
मेरठ के सदर थाना क्षेत्र में भैसाली बस अड्डे के सामने स्थित खालसा होटल में बृहस्पतिवार सुबह 29 वर्षीय युवक का शव कमरे में पंखे से लटका मिला। युवक की पहचान शामली की पंजाबी कॉलोनी निवासी विपुल शर्मा के रूप में हुई है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पंखे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की।
सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शामली की पंजाबी कॉलोनी निवासी विपुल शर्मा भैसाली बस अड्डे के सामने स्थित खालसा होटल में रुके हुए थे। बृहस्पतिवार सुबह काफी देर तक उनके कमरे से बाहर नहीं आने पर होटल कर्मचारियों ने कमरे के बाहर जाकर आवाज लगाई।
अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने होटल मालिक को इसकी जानकारी दी। होटल मालिक की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
कमरा खोलने पर पंखे से लटका मिला शव
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कमरे का दरवाजा खोला। अंदर युवक का शव पंखे से लटका हुआ मिला। पुलिस ने शव को नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फॉरेंसिक टीम ने भी की जांच
घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और जांच की। पुलिस युवक के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है। सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।