सहारनपुर। सीवर के हालात जानने के लिए महापौर संजीव वालिया ने बृहस्पतिवार को महानगर का निरीक्षण किया। वार्डों में घर-घर जाकर लोगों से बात की और समस्याएं पूछीं। खामियां मिलने पर साथ चल रहे संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सुधार के निर्देश दिए।
महापौर सबसे पहले वार्ड 55 और वार्ड 16 में पहुंचे। दोनों वार्डों के पार्षदों संजय गर्ग व नरेश रावत ने महापौर को बताया कि सीवर लाइन डालने वाली कंपनी जेएसपी द्वारा सीवर डालने के बाद इंटरलॉकिंग टाइल बिछाई गई थी, मगर टाइल जगह-जगह से धंस गई है। राहगीरों को परेशानी हो रही है। महापौर ने प्रोजेक्ट मैनेजर विमल तिवारी को सुधार के निर्देश दिए। भविष्य में शिकायत मिलने पर कार्रवाई कराने की चेतावनी दी। कई स्थानों पर सीसी सड़क की उखड़ी बजरी पर भी महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्माण विभाग को सुधार के निर्देश दिए। वार्ड 55 में कुछ लोगों ने खंभों पर लाइट नहीं जलने की भी शिकायत की। वार्ड 55 के ही लोगों ने बरसात में भारी जलभराव की समस्या भी महापौर के सामने रखी। चंद्रनगर पार्क के खराब पंप को रिबोर कराने और नालियों की सफाई ठीक से कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। चंद्र नगर में ही अमृत योजना में पार्क के सुंदरीकरण में बरती गई लापरवाही पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। चंद्रनगर में भी महिलाओं ने जलभराव की समस्या रखी। महापौर ने गोरांग अरोड़ा, अशोक बत्रा, समर सिंह, हरिशाम शर्मा, शेर सिंह, विकास शर्मा, त्रिलोक चंद शर्मा से भी जानकारी ली। निरीक्षक के दौरान पार्षद संजय गर्ग, नरेश रावत, जल कल विभाग के अधिशासी अभियंता सुशील सिंघल, सहायक अभियंता ईश्वर सिंह, जल निगम के सहायक अभियंता वेदपाल, नरेश गुप्ता आदि मौजूद रहे।