बेहट(सहारनपुर)। कोतवाली क्षेत्र के गांव जंधेड़ी पठानपुरा में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। शव कमरे में पंखे पर दुपट्टे से लटका मिला। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हरियाणा के यमुनानगर के थाना छपरौली क्षेत्र के गांव पीपली माजरा निवासी मतलूब हसन की बेटी मीना (23) की शादी एक साल पूर्व गांव जंधेड़ी पठानपुरा निवासी नासिर से हुई थी। रविवार को ससुराल पक्ष के लोग रिश्तेदारी में गए थे। इस दौरान उसने दुपट्टे से फांसी लगा ली। वे अपराह्न करीब तीन बजे घर पहुंचे। मीना के कमरे का दरवाजा बंद था। दरवाजा नहीं खुलने पर ग्रामीणों ने खिड़की से झांककर देखा। मीना छत के पंखे पर दुपट्टे से फंदे पर लटकी हुई है। इसकी जानकारी पाकर मृतका के मायके वाले और पुलिस मौके पर पहुंची। मृतका के भाई शराफत ने बताया कि तीन दिन पूर्व उसकी बहन की उसके देवर से कहासुनी हो गई थी। जिस पर उसके बहनोई ने उन्हें मीना को ले जाने के लिए कहा था। रविवार को उन्हें सूचना मिली की उनकी बहन की करंट लगने से मौत हो गई। हालांकि उसकी मौत फंदा लगाने से हुई है। वहीं, सीओ चित्रांशु गौतम ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।