सहारनपुर। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत बुधवार को विकास भवन में आयोजित विशेष शिविर में 50 वेंडरों को ऋण और प्रमाण पत्र सौंपे गए। प्रमाण पत्र नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, सीडीओ विजय कुमार और जिला लीड बैंक मैनेजर संतोष कुमार के द्वारा सौंपे गए। ऋण और प्रमाणपत्र पाकर वेंडरों के चेहरे खिल उठे।
योजना के अंतर्गत अभी तक 12500 वेंडरों का नगर निगम में पंजीकरण हो चुका है। इनमें से 10200 वेंडरों का ऋण स्वीकृत और 9300 को ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। इसके अतिरिक्त जिन वेंडरों के लोन चल रहे हैं उनकी आर्थिक और सामाजिक प्रोफाइल तैयार किया गया है, जिससे उन्हें अन्य योजनाओं का भी लाभ मिल सके। प्रमाण पत्र वितरित करते हुए नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार वेंडरों के आर्थिक व सामाजिक स्तर को ऊंचा उठाने तथा कोरोना काल में पटरी से उतरे उनके रोजगार को फिर से दुरुस्त करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। जिन लोगों ने दस हजार का लोन चुका दिया है उन्हें आगे 20 हजार का लोन दिया जा रहा है। उन्होंने वेंडरों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की। सीडीओ विजय कुमार ने सभी बैंकों को निर्देश दिए कि वे पीएम स्वनिधि योजना में वेंडरों को ऋण उपलब्ध कराने में किसी भी तरह की आनाकानी न करें और इसमें तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि ये केंद्र सरकार की महती योजना है, जिसका उद्देश्य समाज के गरीब तबके को रोजगार उपलब्ध कराकर राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका को सुनिश्चित करना है।