सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कॉंटेक्ट ट्रेसिंग को पूरी सक्रियता से संचालित किया जाए। इसे संचालित करने के लिए सर्विलांस टीमों को और अधिक सक्रिय किया जाए। उन्होंने कहा कोविड -19 के अस्पतालों में सभी आवश्यक दवा पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहे और कहीं भी ऑक्सीजन की कमी न होने पाए।
मंगलवार को राजकीय मेडिकल कॉलेज में निरीक्षण के दौरान डीएम ने मेडिकल कॉलेज और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्रग इंस्पेक्टर आवश्यक दवा के बैकअप की व्यवस्था करें। उन्होंने कहा दवा की जमाखोरी करने वालों के विरुद्घ कार्रवाई करें। कोविड-19 अस्पतालों में किसी भी दशा में ऑक्सीजन की कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने ऑक्सीजन की कालाबाजारी की शिकायत मिलने पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य और मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि कोविड-19 वार्ड एवं अस्पताल पूरी गुणवत्ता एवं क्षमता से कार्य करें। कोविड वार्ड, अस्पतालों में चिकित्सकों और पैरामेडिक्स की पर्याप्त संख्या में उपलब्धता सुनिश्चित कराएं। इसमें सीडीओ प्रणय सिंह, एडीएम प्रशासन एसबी सिंह, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हिमांशु नागपाल, एसपी ट्रैफिक प्रेमचंद, सीडीओ डॉ. बीएस सोढी, मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. डीएस मर्तोलिया, मलेरिया अधिकारी शिवांका गौड़ आदि रहे।