देवबंद (सहारनपुर)। शनिवार को घोषित हुए हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के परीक्षाफल में देवबंद क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने अच्छा प्रदर्शन किया है । बंपर रिजल्ट देख बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। भायला इंटर कालेज की छात्रा कनुप्रिया ने हाईस्कूल में जनपद में सातवां स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
केएल जनता इंटर कालेज का हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 98.38 प्रतिशत, जबकि इंटरमीडिएट का रिजल्ट 89.04 प्रतिशत रहा। प्रबंधक दीपकराज सिंघल व प्रधानाचार्य राकेश शर्मा ने बताया कि हाईस्कूल में पारस पंवार 84.33 प्रतिशत अंकों के साथ स्कूल टॉपर रहे, जबकि रिया शर्मा 83.66 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और गौरव कुमार 82 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इंटरमीडिएट में आयुषी 81.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम, अवनीत सिंह 79.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय और अजीम 75.8 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान पर रहे। आदर्श इंटर कालेज तल्हेड़ी बुजुर्ग के प्रबंधक मास्टर शीशपाल सिंह ने बताया कि हाईस्कूल में स्वाति 86.4 प्रतिशत अंकों के साथ कालेज टॉपर रही। जबकि सूर्यकांत द्वितीय व प्रशांत तृतीय रहे। इसी तरह इंटरमीडिएट में तुषार ने प्रथम, आर्यन ने द्वितीय तथा मोहम्मद आरिफ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। भायला इंटर कालेज के प्रधानाचार्य भंवर सिंह ने बताया कि हाईस्कूल में कनूप्रिया 90.5 प्रतिशत अंक प्राप्त कर न केवल स्कूल टॉपर रही बल्कि जनपद की टॉप टेन की सूची में पांचवें स्थान पर रही है। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट का परीक्षाफल 92.86 प्रतिशत रहा है। वहीं, जेवी इंटर कालेज राजूपुर के 10वीं कक्षा के घोषित परिणाम में साजिद प्रथम, सोफिया फरीदी द्वितीय व जिया तृतीय स्थान पर रही। जबकि इंटर में अफशा परवीन, मनीषा व प्रशांत कुमार क्रमश: प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर रहे।