नकुड़ (सहारनपुर)। बुधवार की रात बदमाशों ने बंद मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपये की नगदी, आभूषण व अन्य सामान चुरा लिया। जाग होने पर बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
नगर के मोहल्ला बंजारान में दीपक सैनी का मकान है। दीपक सैनी ने बताया कि कई दिनों से उसकी पत्नी अपने मायके गई हुई थी। बुधवार की देर शाम वह घर का ताला लगाकर अपनी पत्नी को लेने ससुराल चला गया था। बताया कि रात्रि करीब ढाई बजे उसके पड़ोसी मुसर्रत ने फोन कर मकान से खटपट की आवाज आने की सूचना दी तो दीपक सैनी ने दूसरे मकान में रह रहे अपने परिजनों को सूचना दी। दीपक सैनी ने बताया कि जैसे ही परिजन उसके मकान के पास पहुंचे तो अंदर एक बदमाश निकलते हुए दिखाई दिया। उन्होंने पीछा किया तो बदमाश फायरिंग करते तंग गलियों से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। इस दौरान सड़क से कारतूस का एक खोखा भी बरामद हुआ है। पीड़ित ने बताया कि चोर घर में रखी अलमारी से करीब दो लाख की नगदी, सोने के कंगन, मंगल सूत्र, चेन, दो अंगूठी, झुमके की जोड़ी व चांदी के आभूषणों सहित एक कैमरा और एक मोबाइल चुरा ले गए हैं। चोर मेन गेट व कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे हैं। कोतवाल सुशील सैनी ने बताया कि मामले की जांच कर रही है। तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज कर ली जाएगी।

बदमाशों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस व अन्य लोग।- फोटो : SAHARANPUR