सहारनपुर। कोरोना संक्रमण से मृतकों की बढ़ती संख्या के कारण महानगर के श्मशानों में शवों की अंत्येष्टि को लेकर बीते दिनों समस्या रही है। इस संबंध में लोगों ने जिलाधिकारी अखिलेश सिंह से भी शिकायत की थी। शिकायत को ध्यान में रखते हुए सोमवार को सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश सोनी और सहायक नगरायुक्त अशोक प्रिय गौतम ने सोमवार को शिवपुरी, हकीकत नगर, नुमाइश कैंप व बाबालाल दास बाड़ा श्मशान घाट का निरीक्षण किया। प्रबंधकों को निर्देश दिए कि शवों के अंतिम संस्कार में लकड़ियों व अन्य व्यवस्थाओं में कोई कमी नहीं आनी चाहिए।
सहायक नगरायुक्त बताया कि चारों श्मशानों में सुबह आठ बजे से शाम आठ बजे तक सफाई व सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। श्मशान घाटों में कोविड-19 से संक्रमित मृत व्यक्तियों के शवों की अंत्येष्टि ठीक से ससम्मान हो सके, इसके लिएनगर निगम ने समस्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने के लिए कर निर्धारण अधिकारी दिनेश यादव को नोडल अधिकारी अधिकारी नामित किया है, जिनका मोबाइल नंबर (9412203325) है। कर अधीक्षक विनय शर्मा (8477008026) और अवर अभियंता निर्माण हरिओम (8477008029, 9149123866) को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कोविड-19 से मृत व्यक्ति के संस्कार में किसी भी परेशानी पर लोग उक्त अधिकारियों के दिए गए नंबरों पर शिकायत कर सकते हैं।