सुरक्षा चाक चौबंद: गृहमंत्री अमित शाह और योगी आदित्यनाथ कल सहारनपुर में विवि का करेंगे शिलान्यास
सहारनपुर जनपद में दो दिसंबर को पुवांरका में मां शाकंभरी देवी राजकीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के बाद गृहमंत्री व मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम दौर में पहुंच गई है। दो दिसंबर को पुवांरका में मां शाकंभरी देवी राजकीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास करने के बाद गृहमंत्री व मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान जमीन से लेकर आसमान तक ड्रोन कैमरों से भी नजर रखी जाएगी। बुधवार को भी पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का दौरा किया। कार्यक्रम 312 बीघा भूमि पर होगा।
मंगलवार को प्रदेश के उच्च शिक्षा सचिव शमीम अहमद, मंडलायुक्त लोकेश एम, डीएम अखिलेश सिंह, एसपी सिटी राजेश कुमार ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
सुरक्षा की समुचित व्यवस्था की जाए। मंडलायुक्त लोकेश एम ने कहा कि मानकों के अनुरूप हेलिपैड और स्विस कॉटेज बनाया जाए। कार्यक्रम स्थल पर धूल से बचाव को छिड़काव के लिए पानी के टैंकरों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि मंच का निर्माण भी मानकों के अनुरूप किया जाए।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए कि पर्याप्त संख्या में एंबुलेंस सहित चिकित्सकों और जरूरी दवाइयों की व्यवस्था की जाए। मोबाइल टायलेट की व्यवस्था की जाए। कार्यक्रम स्थल के पास वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। इस दौरान लोक निर्माण विभाग, विद्युत निगम, शिक्षा विभाग सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी रहे।
यह भी पढ़ें: शहर बढ़ा सुविधाएं नहीं: 20 साल में नहीं मिले पांच बस अड्डे और रिंग रोड, आधे शहर में सीवर लाइन तक नहीं
भाजपा नेताओं और मंत्रियों ने डाला डेरा
भाजपा के प्रदेश मंत्री डॉ. चंद्रमोहन और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश गौड़ व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। पंचायती राज मंत्री भूपेंद्र सिंह कार्यक्रम की समीक्षा में जुटे हैं। बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व कृषि एवं जिला प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही भी पहुंच गए।
ज्ञापन देने से रोका तो काले झंडे दिखाएंगे
आजाद समाज पार्टी के विधिक सलाहकार संदीप कांबोज ने कहा कि दो दिसंबर को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सहारनपुर दौरे के दौरान कार्यकर्ता उन्हें गुंडाराज, पुलिस उत्पीड़न के खिलाफ और पश्चिमी यूपी में हाई कोर्ट की बेंच की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपेंगे। चेताया कि यदि प्रशासन ने ज्ञापन देने से रोकने का प्रयास किया तो कार्यकर्ता काले झंडे दिखाने का काम करेंगे।
दो दिसंबर को बंद रहेंगी शिक्षण संस्थाएं, परीक्षाएं होंगी
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिसंबर को शाकंभरी देवी विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया इस वजह से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। ऐसे में व्यवस्था को दुरुस्त बनाए रखने के लिए सभी शिक्षण संस्थाओं में दो दिसंबर के अवकाश की घोषणा की, लेकिन जिन शिक्षण संस्थाओं में परीक्षाएं चल रही हैं। जैसे सीबीएसई स्कूलों में टर्म-1 की परीक्षाएं हैं, वह नियमित रूप से चलती रहेंगी।
शिक्षकों को कार्यक्रम में रहने के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार ने जनपद के सभी परिषदीय प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को केंद्रीय गृह मंत्री एवं मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में पहुंचने के निर्देश दिए हैं। इन शिक्षकों की संख्या 4,500 बताई है। पत्र में कहा मुख्यमंत्री कार्यक्रम में जनहितकारी योजनाओं के बारे में जानकारी देंगे। ऐसे में उधर, माध्यमिक विद्यालयों के कुछ ही शिक्षकों को कार्यक्रम में ड्यूटी पर लगाया।
तीन हेलीपैड और मंच भी तैयार
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी। सुरक्षा में नौ एसपी, 20 सीओ, 65 निरीक्षक, 330 सब इंस्पेक्टर, 50 हेडकांस्टेबल, 1550 कांस्टेबल, 258 अंडर ट्रेनिंग कांस्टेबल, आठ कंपनी पीएसी को लगाया जाएगा। यातायात व्यवस्था के लिए 15 उपनिरीक्षक 76 कांस्टेबल तैनात रहेंगे। वहीं, लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार कराए जा रहे तीन हेलिपैड और मंच बनाने का 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया।