UP: 70 किमी दूर परिवार सहित रह रहा था हिस्ट्रीशीटर, सहारनपुर पुलिस को ढूंढने में लग गए नौ साल
Saharanpur Crime News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद की पुलिस जिस हिस्ट्रीशीटर को नौ साल से ढूंढ रही थी वह जिले से 70 किमी दूर परिवार सहित रहता मिला। वह वेल्डिंग का काम कर परिवार का पालन पोषण कर रहा था।
विस्तार
सहारनपुर देहात कोतवाली पुलिस को निगरानी के दौरान एक हिस्ट्रीशीटर के रहने का पता लगाने में 9 साल लग गए। जबकि अब वह सहारनपुर से मात्र 70 किलोमीटर दूर उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के एक गांव में परिवार सहित रहता मिला, जहां वह वेल्डिंग का काम कर परिवार की गुजर बसर भी कर रहा है।
एसएसपी विपिन ताडा ने बताया कि देहात कोतवाली में मूल रूप से वर्धमान कॉलोनी निवासी अंसार उर्फ मोहम्मद इंसार पुत्र लुंबा उर्फ मोहम्मद मतलूब की हिस्ट्रीशीट खोली गई थी। सन 2016 में वह अपना मकान बेचकर अपनी ससुराल थाना रामपुर मनिहारान के मोहल्ला महल में जाकर रहने लगा था।
यह भी पढ़ें:गम में डूबा गांव: एक साथ उठे चारों दोस्तों के जनाजे, लोगों में मची चीख-पुकार, शवों से लिपटकर बिलखते रहे परिजन
इस दौरान पुलिस उसकी निगरानी करती रही। फिर अचानक वह ससुराल से भी परिवार सहित चला गया। उसकी काफी खोजबीन हुई मगर उसका कुछ पता नहीं चल पा रहा था। देहात कोतवाली में हेड कांस्टेबल पंकज कुमार ने अब अपने अथक प्रयास से हिस्ट्रीशीटर अंसार के रहने का निवास स्थान खोज निकाला।
इंस्पेक्टर सत्येंद्र प्रकाश ने बताया कि ससुराल से परिवार सहित निकल कर हिस्ट्रीशीटर अंसार देहरादून के थाना सहसपुर अंतर्गत गांव खुशहालपुर में एक किराए के मकान में रहता मिला, जहां वह वेल्डिंग का काम करता है। निगरानी के दौरान पुलिस को हिस्ट्रीशीटर तक पहुंचने में 9 साल का समय लग गया। जबकि वह सहारनपुर से मात्र 70 किलोमीटर दूर रह रहा था।