सहारनपुर। बढ़ती महंगाई पर अंकुश लगाने सहित अन्य मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (बेदी) के महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने डिप्टी कलक्टर एसएन शर्मा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने महिलाओं पर अत्याचार करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की।
मंगलवार को भाकियू (बेदी) के महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष वैशाली बेदी के नेतृत्व में महिलाएं कलक्ट्रेट पहुंची। राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन में उन्होंने कहा कि लगातार महंगाई बढ़ रही है। डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस और खाद्य सामग्री के भाव में इजाफा होने से जीवन यापन करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने लगातार बढ़ रही महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए कडे़ कदम उठाने की मांग की। उन्होंने तीनों कृषि कानूनों को वापस लेने, न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल खरीद गारंटी कानून बनाने और किसानों एवं मजदूरों पर लगाए गए मुकदमों को जल्द वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि आंदोलन में शहीद हुए किसानों की याद में शहीद स्मारक बनाया जाए और उनके परिवार के एक व्यक्ति के लिए सरकारी नौकरी दिलाने की मांग की। इस दौरान विभा कांबोज, शाहजहां, मुस्कान, निशा सहित अन्य मौजूद रहे।