यूपी: सहारनपुर में आंवटित पट्टों की जमीन ट्रस्ट के नाम करने के चार और आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि अभी तक इस मामले में छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो आरोपियों की मृत्यु हो चुकी है। आवंटित पट्टों की जमीन की श्रेणी बदलवाकर ये लोग जमीन को चैरिटेबल ट्रस्ट के नाम कर रहे थे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में आवंटित पट्टों की जमीन की श्रेणी बदलवाकर अब्दुल वहीद एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के नाम करने वाले चार आरोपी रविवार को एसआईटी ने गिरफ्तार किए है। अब तक इस मामले में 6 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इससे पहले पुलिस ने शनिवार को इस मामले में दो राजस्व निरीक्षकों की गिरफ्तारी की थी।
तहसील बेहट के अली अकबरपुर व शेरपुर पेलो गांव में सार्वजनिक उपयोग के लिए आवंटित पट्टों की जमीन गलत तरीके से एमएलसी हाजी महमूद अली के अब्दुल वहीद एजुकेशन एंड चैरिटेबल ट्रस्ट को बेचे जाने के मामले में एसआईटी की जांच के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: यूपी: मेरठ में युवक ने की दोस्त की पेचकस से गोदकर हत्या, परिजनों का थाने में हंगामा, सामने आई मर्डर की ये वजह
शनिवार को इस मामले में एसआईटी ने जमीन की श्रेणी बदलने में कूट रचना करने के आरोपी राजस्व निरीक्षक जनेश्वर प्रसाद व बीरबल को गिरफ्तार किया था। रविवार को जमीन बेचने के आरोपी सुरेंद्र पुत्र रघुवीर, संजय पुत्र अमर सिंह, अब्दुल रहमान पुत्र रशीद व अखलाक पुत्र अब्दुल रहमान सभी निवासी गांव शेरपुर पेलो थाना मिर्जापुर को भी एसआईटी ने गिरफ्तार कर लिया है।
एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि अभी तक इस मामले में छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि दो आरोपियों की मृत्यु हो चुकी है। अभी अब्दुल वहीद एंड चैरिटेबल ट्रस्ट से जुड़े पूर्व एमएलसी महमूद अली और उनके भतीजे मोहम्मद जावेद के अलावा कुछ और लोग वांछित है। जल्द ही साक्ष्यों के आधार पर उनकी भी गिरफ्तारी की जाएगी।