Saharanpur: फर्जी मेडिकल बनाने के मामले में डॉक्टर गिरफ्तार,अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेजा, ये है पूरा मामला
Saharanpur News : फर्जी मेडिकल सर्टिफिकेट प्रकरण में फरार चल रहा फर्जी डॉक्टर आखिर दबोचा गया। फिलहाल उससे पूछताछ चल रही है।
विस्तार
सहारनपुर में महिला का फर्जी मेडिकल बनवाकर ससुराल वालों को फंसाने के चर्चित मामले के आरोपी एसबीडी जिला चिकित्सालय में ईएमओ पद पर कार्यरत डॉ. बीडी शर्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने ड्यूटी के दौरान ही जिला अस्पताल से चिकित्सक की गिरफ्तारी की। चालान कर उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से अदालत ने चिकित्सक को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। गत दिवस चिकित्सक का अग्रिम जमानत प्रार्थना पत्र जनपद न्यायाधीश ने निरस्त कर दिया है।
एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि जिला चिकित्सालय में ईएमओ डॉ. बीडी शर्मा मूल रूप से आर्यनगर सूरजकुंड रोड, मेरठ निवासी हैं। जो वर्तमान में यहां जिला चिकित्सालय के कैंपस में रह रहे हैं। उन पर फर्जी डॉक्टरी करने का आरोप है। गत चार जनवरी 2023 को थाना जनकपुरी में महिला फरियाल ने मुकदमा दर्ज कराते हुए ससुराल वालों पर आरोप लगाया था कि ससुराल पक्ष ने उसके ऊपर तेजाब डाल दिया है। जांच करने पर पता चला कि तीन जनवरी 2023 को महिला फरियाल, उसकी मां, भाई और ताऊ का लड़का जिला अस्पताल गए थे। जहां उनके अधिवक्ता और उसके मुंशी ने एक दलाल के माध्यम से डॉ. बीडी शर्मा को रुपये देकर फर्जी मेडिकल तैयार करवाया था।
यह भी पढ़ें: बारिश से सर्द हुआ मौसम: गेहूं की फसल गिरी, सब्जी की फसल को नुकसान, चिंता में किसान
पुलिस ने इस मामले में फरियाल के पति चिलकाना निवासी शाहनवाज की ओर से डॉ. बीडी शर्मा, अधिवक्ता तौसीफ, मुंशी मसरुर को भी आरोपी बनाया था। अधिवक्ता तौसीफ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था, जिनकी पिछले दिनों ही जमानत हुई है। डॉ. बी डी शर्मा ने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए शुक्रवार को जनपद न्यायाधीश बबीता रानी के न्यायालय में अग्रिम जमानत प्रार्थनापत्र प्रस्तुत किया था जिसे जनपद न्यायाधीश बबीता रानी ने निरस्त कर दिया था।
यह भी पढ़ें: UP: गमगीन माहौल में हुआ सिपाही का अंतिम संस्कार, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, गांव में गम का माहौल
एसपी सिटी ने बताया कि जनकपुरी पुलिस ने शनिवार दोपहर में डॉ. बीडी शर्मा को जिला चिकित्सालय से गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।