सहारनपुर। कलक्ट्रेट के नाजिर कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने कलक्ट्रेट परिसर पहुंचकर हंगामा करने के साथ आत्महत्या का प्रयास किया। कर्मचारी अपने साथ विषाक्त पदार्थ की शीशी लेकर पहुंचा था। बाद में कोतवाली सदर बाजार पुलिस कर्मचारी को थाने ले गई, उसके खिलाफ आत्महत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की। तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बृहस्पतिवार की दोपहर कलक्ट्रेट के नाजिर कार्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रवेज खान विषाक्त पदार्थ की शीशी लेकर कलक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर पहुंचा। प्रवेज खान ने आरोप लगाया कि उसको दस माह से वेतन नहीं दिया जा रहा है। इसको लेकर प्रवेज ने हंगामा किया। विषाक्त पदार्थ की शीशी लेकर पहुुंचे प्रवेज खान ने आत्महत्या की कोशिश की। पता लगते ही कोतवाली सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस प्रवेज को हिरासत में लेकर थाने ले आई। प्रवेज खान को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल में भेजा गया, जहां पर उनका ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ आया। इसके बाद चिकित्सकों ने प्रवेज को भर्ती कर लिया। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि कोतवाली सदर बाजार में प्रवेज खान के खिलाफ आत्महत्या के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज की गई है। नाजिर विनोद कुमार की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल प्रवेज का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। क्योंकि, वह हृदय रोग से भी पीड़ित है।

डीएम कार्यालय जहर कर बोतल लेकर धरना देता नजारत कर्मचारी- फोटो : SAHARANPUR

डीएम कार्यालय जहर कर बोतल लेकर धरना देता नजारत कर्मचारी से बोतल छिनती पुलिस- फोटो : SAHARANPUR