Saharanpur: नशेड़ी युवक ने फाइनेंसकर्मियों से मारपीट कर दो बाइकों में लगाई आग
सहारनपुर में बुधवार शाम छह बजे ग्राम नानू माजरा में फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी अक्षय व अफसर महिला समूह की क़िस्त लेने के लिए गए थे। आरोप है कि किस्त लेने के दौरान गांव के ही युवक ने नशे की हालत में फाइनेंस कम्पनी कर्मचारियों की बाइक को आग लगा दी।
विस्तार
जानकारी के अनुसार बुधवार शाम छह बजे ग्राम नानू माजरा में फ्यूजन माइक्रो फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी अक्षय व अफसर महिला समूह की क़िस्त लेने के लिए गए थे। आरोप है कि किस्त लेने के दौरान गांव के ही युवक ने नशे की हालत में फाइनेंस कम्पनी कर्मचारियों के साथ गाली गलौज करनी शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपी ने फाइनेंस कर्मचारियों के साथ मारपीट करते लाठी डंडों से उन्हें दौड़ा दिया। मारपीट में अफसर के सिर में डंडा लगने से वह गम्भीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद आरोपी ने कर्मचारियों की दो बाइकों में आग लगा दी। घटना स्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। पीड़ित कर्मचारियों ने पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी।
पुलिस बल के साथ पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक सुबे सिंह ने ग्रामीणों की मदद से बमुश्किल बाइकों में लगी आग पर काबू पाया। फाइनेंस कर्मचारी अक्षय ने बताया कि आग लगने से बाइक की सीट पर रखा कंपनी का बैग भी जलकर राख हो गया है, जिसमें 10 हजार रुपये व जरूरी कागजात थे।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुबे सिंह ने बताया कि फाइनेंस कर्मचारी की बाइक में नशेड़ी युवक द्वारा आग लगाई गई है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गया। उसकी तलाश में दबिश दी जा रही है।