सहारनपुर। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण में जन-जन को जोड़ने के लिए चल रहे निधि समर्पण संपर्क अभियान के तहत पांच दिन में चार करोड़ रुपये दान एकत्र हुआ है। लोग श्रद्धा भाव और उत्साह के साथ धन दे रहे हैं।
जिले में आरएसएस, विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल सहित हिंदू संगठनों की 917 टोलियां घर-घर जाकर लोगों से संपर्क कर रही हैं। एक टोली 200 परिवारों के घर जाएगी। मंगलवार को भी टोलियों ने लोगों से संपर्क किया। दिल्ली रोड स्थित वसंत विहार की टोली में शामिल अनिल शर्मा, बलराम वालिया, विपुल गुप्ता, विजय शर्मा, ओपी खरे, प्रदीप सूरी, राकेश त्यागी, सत्यपाल पंवार, दीपक सैनी, सचिन धीमान ने सुबह और शाम के समय घर-घर जाकर संपर्क किया। टोली के सदस्यों ने बताया कि लोग श्रद्धा भाव और उत्साह के साथ दान दे रहे हैं। लोगों में अयोध्या में जल्द भगवान श्रीराम भव्य मंदिर को देखने की जिज्ञासा है। आरएसएस के विभाग संघ चालक राकेश वीर ने बताया कि पांच दिन में करीब चार करोड़ रुपये दान एकत्र हुआ है। पैसे को रोजाना श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ स्थल ट्रस्ट के खाते में जमा कराया जा रहा है।