सहारनपुर। एसबीडी जिला अस्पताल अपने हर्बल गार्डन को विकसित करेगा। फिलहाल करीब 10 औषधियों के पौधे हर्बल गार्डन की शोभा बढ़ा रहे हैं, मगर अधिकारियों ने इसे विकसित करने तथा लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का निर्णय लिया है।
जिला अस्पताल परिसर में सेठ बलदेव दास की मूर्ति के सामने स्थित पार्क में हर्बल गार्डन पहले से है। अपर निदेशक/प्रमुख अधीक्षक (चिकित्सा) डॉक्टर एसके वार्ष्णेय ने बताया कि अस्पतालों की शर्तों में हर्बल पार्क भी शामिल है। जब भी कभी टीमें अस्पतालों के निरीक्षण के लिए आती हैं तो वह हर्बल गार्डन भी चेक करती हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिला अस्पताल के हर्बल गार्डन में एलोवेरा, नीम, तुलसी, काली तुलसी, काली मिर्च, तेजपत्ता, अजवाइन, मेहंदी, हल्दी, मरवा, आंवला आदि के पौधे और पेड़ लगे हैं। उन्होंने बताया कि वह हर्बल गार्डन में अदरक, लहसुन समेत जो भी औषधीय पौधे या पेड़ यहां पनप सकते हैं, उनका रोपण कराया जाएगा। साथ ही लोगों को इसके लिए जागरूक भी किया जाएगा कि वह अपने घर आंगन में औषधीय पौधों को रोपकर उनका संरक्षण करें और उनका सेवन कर स्वास्थ्य लाभ उठाएं।

जिला अस्पताल के हर्बल गार्डन में लगे औषधीय पौधे।- फोटो : SAHARANPUR