बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। लॉकडाउन के चलते सोमवार को सहारनपुर जिले की दूसरे राज्यों को लगने वाली सीमा सील कर दी गई। दिल्ली देहरादून हाईवे पर मोहंड में स्थित बार्डर के चेक पोस्ट पर वाहनों का आवागमन पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया।
जनपद के लॉक डाउन करने के बाद सोमवार को उच्चाधिकारियों के दिशा निर्देशन में थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड की सीमा पर मोहंड चेक पोस्ट पर सीमा सील कर दी गई, लेकिन उत्तराखंड की आसारोड़ी से लगातार वाहनों के आने से स्थित बेकाबू होने के बाद कुछ जरूरत मंद लोगों को निकाला गया। इसके बाद एसपी यातायात प्रेमचंद, एसडीएम बेहट दीप्ति देव व सीओ बेहट विजय पाल सिंह भी मौके पर पहुंचे उन्होंने आवागमन करने वाले लोगों को लॉक डाउन के संबंध में जानकारी देते हुये घरों में ही रहने की अपील करते हुये कहा कि कोरोना से बचाव के लिये किया जा रहा है। छुटमलपुर में बड़कलां पुलिस चेक पोस्ट, बेहट में मिर्जापुर और शाकंभरी तिराहे पर बैरियर लगा कर उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल की तरफ जाने वाले रास्तों को बंद कर दिया गया। गागलहेड़ी में भी काली नदी चौकी पर तथा नानौता में भी सहारनपुर-शामली जिलों की सीमा पर बैरियर लगा कर वाहनों के आने जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। गंगोह क्षेत्र में भी हरियाणा से लगती सीमाओं को सील कर दिया गया है।