सहारनपुर। डेयरी को बाहर करने के विरोध में पांचवें दिन भी डेयरी संचालकों का धरना और क्रमिक अनशन जारी रहा। इसके साथ ही डेयरी संचालकों ने मंडलायुक्त की अनुपस्थिति में अपर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा।
हकीकनगर में स्थित रामलीला मैदान पर आयोजित धरने के दौरान डेयरी संचालक संघर्ष समिति के अध्यक्ष संजय वालिया ने कहा कि डेयरी संचालक पिछले पांच दिन से धरने पर अपने परिवार के साथ डटे हैं, लेकिन नगर निगम व जिला प्रशासन उनकी कोई सुध नहीं ले रहा है। नगर निगम डेयरी संचालकों का उत्पीड़न कर रहा है। डेयरियों को नगर निगम की सीमा से बाहर निकालने की तैयारी की जा रही है, जबकि नगर के बीचोबीच स्थित बूचड़खानों को बाहर नहीं किया जा रहा है। जब तक डेयरी संचालकों की समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक धरना जारी रहेगा। इसके साथ ही डेयरी संचालकों मंडलायुक्त से मिलने के लिए पहुंचे, लेकिन मंडलायुक्त की अनुपस्थिति में उन्होंने अपर आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। अपर आयुक्त ने समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान पप्पू चौधरी, आदेश त्यागी, राजू, शंटी, हाजी मोहम्मद अहमद, बलदेव चौधरी, सोनू राणा, संजीव वालिया, गुलशन कुमार, कुलदीप चौधरी, आशीष चौधरी, बंटी सरदार, विनय चौधरी, राजकुमार बजाज, भगत, मोहम्मद अहमद, चौधरी रणवीर आदि रहे।

धरना स्थल धरना प्रदर्शन करते डेरी संचालक के परिवार- फोटो : SAHARANPUR

धरना स्थल धरना प्रदर्शन करते डेरी संचालक के परिवार- फोटो : SAHARANPUR