फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Saharanpur News ›   Robbery in Saharanpur, two robbers in 15 hours

सहारनपुर में लुटेरों का कहर, 15 घंटे में दो लूट

Mon, 22 Apr 2019 11:45 PM IST
Prag Gupta ब्यूरो, सहारनपुर
ब्यूरो, सहारनपुर Published by: Prag Gupta Updated Mon, 22 Apr 2019 11:45 PM IST
विज्ञापन
Robbery in Saharanpur, two robbers in 15 hours
थाने पहुंचा पेट्रोल पंप मालिक। - फोटो : अमर उजाला
बदमाशों ने 15 घंटे के अंदर सरसावा क्षेत्र में लूटपाट की दो वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। रविवार रात बदमाशों ने पेट्रोल पंप पर लूटपाट की, तो सोमवार दोपहर बंधन बैंक कर्मी से नकदी लूट ली। पीड़ितों से बदमाशों का हुलिया मालूम कर पुलिस जांच कर रही है, लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका है। 
विज्ञापन


सरसावा थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर-नकुड़ बाईपास पर ग्राम अपलाना के निकट जानसठ (मुजफ्फरनगर) के ग्राम जटवाड़ा निवासी शकील अहमद का एवी फिलिंग स्टेशन (पेट्रोल-डीजल पंप) है। शकील अहमद के अनुसार रविवार रात करीब नौ बजे उनका पुत्र परवेज आलम तथा पांच अन्य कर्मचारी पेट्रोल पंप पर थे।
विज्ञापन


परवेज और दो कर्मचारी खाना बनाने की तैयारी कर रहे थे तथा तीन कर्मचारी पेट्रोल मशीनों के पास थे। तभी सफेद रंग की बाइक से तीन बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे। दो बदमाश बाइक से उतरे, जबकि तीसरा बाइक पर बैठा रहा। बदमाशों ने तमंचे निकालकर कर्मचारियों पर तान दिए तथा सेल्समैन अनिल से रुपयों से भरा थैला छीन लिया।
विज्ञापन
विज्ञापन


कर्मचारियों की जेबों से भी रुपये निकाल लिए। इसके बाद आरोपी  शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर तमंचे लहराते हुए नकुड़ की ओर फरार हो गए। घबराए कर्मचारियों ने लूट की सूचना सरसावा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कर्मचारियों से वारदात के बारे में जानकारी ली। वायरलेस से संदेश देकर जगह-जगह चेकिंग कराई गई। लेकिन लुटेरे पकड़ में नहीं आ सके।

पंप मालिक शकील ने बताया कि लुटेरों ने सभी कर्मचारियों से करीब 90 हजार रुपये नकदी लूट ली। इस मामले में सरसावा थाना में सेल्समैन अनिल की ओर से 90 हजार रुपये लूटे जाने की तहरीर दी गई है। उधर, सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे बंधन बैंक कर्मी ललित क्षेत्र के ग्राम गदरहेड़ी, अगवानहेड़ा और अहमदपुर आदि गांवों से ऋण वसूली कर लौट रहा था।

जैसे ही वह नकुड़ रोड पर ग्राम अहमदपुर के पास सड़क निर्माण कंपनी के बजरी मिक्सिंग प्लांट के पास पहुंचा, तो नकुड़ की ओर से बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसे रोक लिया। कनपटी पर तमंचा तानकर ललित को गोली मारने की धमकी देकर 90 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया। इसके बाद बदमाश नकुड़ की ओर फरार हो गए। पीड़ित ललित ने बैंक अधिकारियों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी ली। सरसावा थाना प्रभारी का कहना है कि इस मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है। 

 पुलिस में मचा रहा हड़कंप 
पुलिस पेट्रोल पंप पर हुई लूटपाट की घटना की छानबीन करने में लगी थी, लेकिन दोपहर में बैंक कर्मी से लूट की सूचना आ गई। इसके बाद एसपी देहात विद्यासागर मिश्र, सीओ नकुड़ यतेंद्र नागर और सरसावा थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों ही वारदातों में पीड़ितों से बदमाशों का हुलिया जाना, जिसके बाद बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया गया। 

रात 3.76 लाख रुपये लूट की थी अफवाह
रविवार रात पेट्रोल पंप पर हुई लूटपाट में पुलिस को पहले तो चार लाख रुपये लूट की सूचना दी गई थी। बाद में यह रकम 3.76 लाख रुपये बताई गई। हालांकि पेट्रोल पंप सेल्समैन ने जो तहरीर दी, उसमें 90 हजार रुपये लूटे जाने की बात कही। इसको लेकर पुलिस पर लूट की रकम कम दिखाने के प्रयास का आरोप भी लगा, लेकिन थाना प्रभारी का कहना है कि पेट्रोल पंप सेल्समैन ने पेट्रोल-डीजल बिक्री की अधिकांश रकम पहले ही पेट्रोल पंप मालिक को सौंप दी थी, लूट के दौरान बैग में 90 हजार रुपये थे, वही तहरीर सेल्समैन ने लिखकर दी है। 

दोनों वारदात में हो सकता है एक गिरोह 
पेट्रोल पंप के सेल्समैन और बंधन बैंक कर्मी से हुई लूट को अंजाम देने वाले बदमाशों का गिरोह एक ही होने की संभावना जताई जा रही है। दोनों ही वारदात नकुड़ रोड पर हुई और दोनों वारदातों में बदमाश बाइक सवार थे। पेट्रोल पंप पर सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा था, जिस कारण बदमाशों की पहचान करना पुलिस के सामने मुश्किल हो गया है। 

कुछ संदिग्ध बदमाशों को हिरासत में लिया 
वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस ने कुछ संदिग्ध बदमाशों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया, जिनसे पूछताछ की जा रही है। हालांकि पूछताछ के बावजूद पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। बदमाशों का हुलिया और बोलचाल से इतना संकेत मिल रहा है कि बदमाश आसपास के इलाके के हो सकते हैं। 

 
लूट की वारदातों को लेकर पुलिस की टीमें गठित की गईं हैं। चेकिंग कराई जा रही है तथा पूर्व में लूटपाट करने वाले बदमाशों की कुंडली खंगाली जा रही है। बदमाशों का पता लगाने का प्रयास चल रहा है, जल्दी ही पुख्ता सुराग मिलने पर बदमाशों की धरपकड़ की जाएगी। ---- विद्या सागर मिश्र, एसपी देहात
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed