फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Saharanpur News ›   बदमाशों के चंगुल से छूट भागा अपहृत छात्र

बदमाशों के चंगुल से छूट भागा अपहृत छात्र

Thu, 03 Aug 2017 01:03 AM IST
Updated Thu, 03 Aug 2017 01:03 AM IST
विज्ञापन
बदमाशों के चंगुल से छूट भागा अपहृत छात्र
बदमाशों के चंगुल से छूट भागा अपहृत छात्र
विज्ञापन


गंगोह(सहारनपुर)। शोभित विश्वविद्यालय के छात्र का बदमाशों ने मंगलवार रात अपहरण कर लिया। फिरौती में बदमाशों ने 6 लाख रुपये और जेवर की मांग की। देर रात परिजन बताए गए स्थान पर फिरौती लेकर पहुंचे परंतु वहां कोई नहीं मिला। उधर, अपहृत छात्र के भाइयों के साथ ही पुलिस ने मारपीट कर दी। इससे परिजन एवं ग्रामीण भड़क गए और उन्होंने कोतवाली के बाहर जबरदस्त नारेबाजी करते हुए सहारनपुर बस स्टैंड चौक पर जाम भी लगाया। दोपहर बाद किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छूटा छात्र गांव खोसपुरा के जंगल मिला। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
गंगोह कोतवाली के गांव सुखेडी निवासी सुरेंद्र का 18 वर्षीय पुत्र राहुल शोभित विश्वविद्यालय में डी फार्मा का छात्र है। वह कालेज से लौटने के बाद मेटाडोर स्टैंड पर स्थित अपने भाई अंकित के मेडिकल स्टोर पर उसका हाथ बंटाता है। उसके चचेरे भाई भी गंगोह में ही दुकान करते हैं। शाम को वह सब एक साथ घर जाते है। मंगलवार रात करीब आठ बजे राहुल अपने अन्य भाइयों से पहले ही साइकिल पर घर जाने की बात कहकर निकला था। रात को दस बजे जब अंकित घर पहुंचा तो राहुल को वहां न देखकर उसने परिजनों से पूछा। परिजनों ने राहुल के घर नहीं आने की बात कही। इसके बाद राहुल के चचेरे भाई अनिकेत ने उसके नंबर पर काल की तो उधर से किसी अनजान व्यक्ति ने फोन उठाते हुए राहुल के अपहरण की बात कही। साथ ही राहुल को छोड़ने की एवज में 6 लाख रुपये और जेवरों की फिरौती मांगी। राहुल के अपहरण की बात सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। वह कोतवाली पहुंचे और राहुल को बरामद करने की मांग की। पुलिस के सामने भी राहुल के फोन पर बदमाशों से बात की गई। बदमाशों ने राहुल से भी परिजनों की बात कराई और आधे घंटे के भीतर पशु पैठ के समीप रकम लेकर नहीं आने पर राहुल को जान से मारने की धमकी देने लगे। सुबह करीब चार बजे पुलिस ने जाल बिछाकर परिजनों को बदमाशों द्वारा बताए गए स्थान पर भेजा। परंतु वहां कोई नही ंमिला। इसके बाद फोन भी बंद हो गया।
विज्ञापन

कार्रवाई के बजाय पुलिस ने अपहृत के भाइयों को किया टार्चर
गंगोह। राहुल के परिजनों का आरोप है कि रात में जब वह राहुल के अपहरण की सूचना देने कोतवाली पहुंचे तो पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने परिजनों को फिरौती लेकर कोतवाली के बेहद नजदीक स्थित पशु पैठ पर बुलाया था। आरोप है कि इसके बावजूद पुलिस ने रात में वहां तक जाना भी गंवारा नहीं किया बल्कि पूछताछ के नाम पर राहुल के सगे भाई अंकित और चचेरे भाई अनिकेत के साथ मारपीट की। परिजनों ने बमुश्किल उन्हें पुलिस से छुड़ाया। उनके शरीर पर पड़े चोटों के गहरे निशान देखकर परिजनों एवं ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया। सुबह होते होते ट्रैक्टर-ट्रालियों में बड़ी संख्या में ग्रामीण कोतवाली पहुंच गए। मारपीट का पता चलने पर उन्होंने बस स्टैंड चौक पर ट्रैक्टर-ट्रालियां खड़ी कर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। भाजपा नेता चौधरी नक्षत्रपाल सिंह, पूर्व प्रधान सुशील कम्हडा और सीओ ब्रह्मपाल सिंह ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। परंतु वह छात्र की बरामदगी और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई न होने तक जाम खोलने को तैयार नहीं हुए। बारिश के बावजूद करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा और हाथों में डंडे लिए ग्रामीण महिला, पुरुष एवं नवयुवक हंगामा करते रहे। बाद में पुलिस द्वारा चार बजे तक छात्र को बरामद करने के आश्वासन पर जाम खोला गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


कार में 10 की स्पीड से फिरौती लेकर भेजना मम्मी पापा को
गंगोह। बदमाशों ने फोन कर कहा कि केवल राहुल के माता-पिता को ही फिरौती की रकम लेकर भेजें, साथ ही यह भी कहा कि वह मात्र 10 की स्पीड से कार चलाकर तय स्थान तक पहुंचे और उनके साथ कोई भी अन्य व्यक्ति न हो। अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो वह राहुल की हत्या कर देंगे।

खोसपुरा के जंगल से बरामद हुआ छात्र
गंगोह। दोपहर करीब 12 बजे अपहृत राहुल किसी तरह बदमाशों के चंगुल से छूटकर भाग निकला। उसने परिजनों को फोन पर बताया कि वह गांव खोसपुरा के जंगल में छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस और परिजन बताए गए स्थान पर पहुंचे। वहां छात्र सकुशल बरामद हो गया। इसके बाद परिजनों और पुलिस ने राहत की सांस ली। पुलिस उसे कोतवाली ले आई। वहां उससे पूछताछ की जा रही है।


अपहरण को संदिग्ध मान रही पुलिस
गंगोह। पुलिस छात्र के अपहरण के मामले को पूरी तरह संदिग्ध मान रही है। कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि सुबह से हो रही बारिश के बावजूद बरामद होने के वक्त छात्र के कपडे़ बिल्कुल सूखे हुए थे। पूछताछ में भी वह कोई संतोषजनक जवाब न देकर पुलिस को उलझाने का प्रयास कर रहा है। पुलिस का मानना है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर अपहरण का नाटक किया है। हालांकि अभी पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। कोतवाल का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed