पटाखा फैक्टरी अग्निकांड: मरने वालों की संख्या हुई दो, पुलिस ने बरामद हुए मानव अवशेष जांच के लिए भेजे
Saharanpur News : पटाखा फैक्टरी में हुए अग्निकांड में मरने वालों की संख्या दो हो गई है। वहीं, बरामद मानव अवशेष पुलिस ने जांच के लिए भेज दिए।
विस्तार
सहारनपुर के गागलहेड़ी में छजपुरा पटाखा फैक्टरी में हुए अग्निकांड में दो श्रमिकों की मौत हुई है। प्रेम प्रकाश के साथ एक अन्य मजदूर की भी जलकर मौत हुई है। एक लापता मजदूर के परिजनों की तहरीर के बाद पुलिस ने जब फिर से फैक्टरी पहुंच कर जांच पड़ताल की तो मानव अवशेष मिलने के बाद इसका पता चला। पुलिस ने बरामद अवशेष को जांच के लिए भेज दिया है।
शुक्रवार रात फैक्टरी में आग लगने के बाद जनपद सिद्वार्थनगर निवासी मजदूर प्रेम प्रकाश का शव जली अवस्था में मिला था, जिसे पुलिस ने पोस्टमार्टम पर भेज दिया था। शनिवार दोपहर को फैक्टरी में काम करने वाले विनोद 35 पुत्र रामआसरे के भाई प्रमोद कुमार ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई भी देर रात आग लगने के बाद से गायब है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर फैक्टरी पहुंच कर जांच की तो अंदर से मानव शरीर के कुछ अवशेष बरामद हुए। बरामद अवशेष को पुलिस ने जांच के लिए भेज दिए है।
यह भी पढ़ें: छात्र की पिटाई का मामला: शिक्षिका पर मुकदमा, बोली-वीडियो से हुई छेड़छाड, नरेश टिकैत ने बच्चों को गले मिलवाया
प्रभारी निरीक्षक उमेश रोरिया ने बताया कि जांच के बाद परिजनों के डीएनए सैंपल से जांच कराई जाएगी। उसके बाद ही पता चलेगा कि अवशेष लापता हुए विनोद के है या अन्य किसी और मजदूर के। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।
फैक्टरी मालिक सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
छजपुरा पटाखा फैक्टरी में आग लगने से दो मजदूरों की मौत के बाद पुलिस ने फैक्टरी मालिक सहित चार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी निरीक्षक उमेश रोरिया ने बताया कि छजपुरा गांव में स्थित जय भवानी फायर वर्कस के मालिक सुमन लाम्बा, गोरी लाम्बा और फैक्टरी की देखरेख करने वाले हनी लाम्बा, जुगनू के विरुद्ध पुलिस की तरफ से रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उन्होंने बताया कि फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वायड, अग्निश्मन विभाग सहित कई टीमें फैक्टरी परिसर की जांच में जुटी हुई है। आग लगने के कारणों और लाइसेंस के अनुसार, मौके पर उपलब्ध विस्फोटक आदि तथ्याें की जानकारी जुटा रहे हैं। एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक, सीओ सदर अभितेश सिंह ने भी फैक्टरी का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: Meerut News Live: शाहिद अखलाक के बेटे पर बड़ी कार्रवाई, पहलवान दिव्या काकरान ने पक्का किया सर्बिया का टिकट