सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि संचारी रोग पर नियंत्रण के लिए सभी विभाग समन्वय स्थापित कर कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डेंगू और दूसरी बीमारियों को रोकने के लिए निरंतर फॉगिंग की जाए। जमा पानी की तत्काल निकासी कराई जाए। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम ने संचारी रोग और दस्तक अभियान के दौरान किए गए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों को चिह्नित कर उनको सुपोषित करने की दिशा में कार्य किया जाए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बीएस सोढ़ी ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 111 कुपोषित बच्चे चिह्नित किए गए। इनमें से 22 अतिकुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराया गया। सिंचाई विभाग ने 2901 झाड़ियों की कटाई कराई। उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा 70 वार्डों में नालियों में सफाई का कार्य किया जा चुका है। पंचायती राज विभाग द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 211000 शौचालयों का निर्माण पहले की कराया जा चुका है। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी प्रणय सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एसबी सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनोद कुमार, उप जिलाधिकारी नकुड़ हिमांशु नागपाल, एसडीएम सदर अनिल कुमार सिंह, एसडीएम देवबंद राकेश कुमार, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बीएस सोढ़ी, जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र प्रसाद, परियोजना निदेशक दुष्यंत कुमार आदि मौजूद रहे।